खनिज विभाग में रिश्वत कांड, महिला कर्मचारी का वीडियो वायरल, प्रभारी अधिकारी पर भी उठे सवाल
अशोकनगर के खनिज विभाग में एक महिला कर्मचारी का रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। वीडियो में काम के बदले पैसों के लेन-देन का आरोप है। पब्लिक वाणी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
अशोकनगर: (सुशील कुशवाह) :जिले का खनिज विभाग इन दिनों भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। विभाग की एक महिला कर्मचारी का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले के सामने आने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
रिश्वत लेते महिला कर्मचारी का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में एक महिला कर्मचारी कथित तौर पर किसी कार्य के बदले पैसों का लेन-देन करती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो विभाग के कार्यालय परिसर का है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फाइल बढ़ाने और कार्रवाई रोकने के नाम पर वसूली
सूत्रों के अनुसार, विभाग में फाइलों को आगे बढ़ाने और अवैध खनन/परिवहन पर कार्रवाई न करने के नाम पर पैसे लिए जा रहे थे। इस खुलासे के बाद विभाग की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
‘पब्लिक वाणी’ पहले भी उठा चुका है मुद्दा
स्थानीय समाचार पत्र ‘पब्लिक वाणी’ ने पहले भी खनिज विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर कई खबरें प्रकाशित की थीं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि विभाग में एक संगठित तंत्र काम कर रहा है।
प्रभारी खनिज अधिकारी वीरेंद्र वर्मा पर आरोप
मामले की जांच अब प्रभारी खनिज अधिकारी वीरेंद्र वर्मा तक पहुंच गई है। उन पर आरोप है कि उनके कार्यकाल में अवैध उत्खनन और परिवहन में बढ़ोतरी हुई है। साथ ही यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि बिना उनकी जानकारी के इस तरह की गतिविधियां संभव नहीं हैं।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग तेज
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है। हालांकि पब्लिक वाणी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता हैं।

