CM डॉ. मोहन यादव ने किया सूर्य नमस्कार, कहा- नशा छोड़ योग करें युवा, गर्व से कहिए, हम हिंदू हैं

12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर देशभर में नेशनल यूथ डे मनाया जा रहा है। मध्यप्रदेश के सभी स्कूलों में राष्ट्रीय युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया।

CM डॉ. मोहन यादव ने किया सूर्य नमस्कार, कहा- नशा छोड़ योग करें युवा, गर्व से कहिए, हम हिंदू हैं

भोपाल: 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर देशभर में नेशनल यूथ डे मनाया जा रहा है। मध्यप्रदेश के सभी स्कूलों में राष्ट्रीय युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। राजधानी भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित राज्यस्तरीय सूर्यनमस्कार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। इस मौके पर सीएम के साथ PWD मंत्री राकेश सिंह, बीजेपी विधायक भगवानदास सबनानी और भोपाल नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी भी मौजूद रहे।

इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ सामूहिक सूर्यनमस्कार किया। साथ ही उन्होंने युवाओं से नशे और गलत आदतों से दूर रहने की अपील की। सीएम ने युवाओं को प्रतिदिन 30 मिनट योग करने की सलाह देते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और एकाग्रता भी बढ़ाता है।

किताबों से बढ़ती दूरी पर जताई चिंता

मुख्यमंत्री ने युवाओं में घटती पढ़ने की आदत पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मोबाइल और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के बीच किताबों से दूरी बढ़ रही है। युवा दिवस पर उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे खेलकूद और योग के साथ-साथ नियमित अध्ययन की आदत विकसित करें। केवल पाठ्यक्रम की किताबें ही नहीं, बल्कि रुचि के विषयों और प्रेरक साहित्य को भी पढ़ें।

गर्व से कहिए, हम हिंदू हैं

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का स्मरण करते हुए सांस्कृतिक मूल्यों पर भी जोर दिया और कहा- “गर्व से कहिए, हम हिंदू हैं।” उनके इस बयान पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तालियों के साथ प्रतिक्रिया दी

वहीं प्रदेश शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह नरसिंहपुर के राजमार्ग क्षेत्र स्थित रुकमणि देवी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के साथ सूर्य नमस्कार और योग किया। यह कार्यक्रम युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।