अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी करना पड़ा भारी, रीवा से आरोपी गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले रीवा निवासी युवक को यूपी STF और रीवा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है.
रीवा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी पर सोशल मीडिया में अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी मध्य प्रदेश के रीवा जिले का रहने वाला है. उसकी गिरफ्तारी यूपी STF और रीवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई.
जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान नागेश्वर सिंह बघेल के रूप में हुई है, जो रीवा जिले के पनवार थाना क्षेत्र के पूर्वा कल्याणपुर गांव का निवासी है. आरोप है कि उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.
मामले की जानकारी सामने आने के बाद कानपुर साइबर क्राइम पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी. जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन रीवा में मिली, जिसके बाद उत्तर प्रदेश STF की टीम रीवा पहुंची.
पनवार थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और यूपी एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव से हिरासत में ले लिया. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को यूपी STF के हवाले कर दिया गया. पुलिस के अनुसार आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए उत्तर प्रदेश ले जाया गया है.। मामले में साइबर अपराध से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक गुरुकरन सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि यूपी एसटीएफ के अनुरोध पर स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई में सहयोग किया और आरोपी को पकड़कर टीम के सुपुर्द कर दिया गया.

