भोपाल: काटजू हॉस्पिटल में नवजात की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप
गुस्साए परिजन जब अस्पताल परिसर में विरोध करने लगे तो डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने खुद को कमरों में बंद कर लिया।
भोपाल। कैलाशनाथ काटजू अस्पताल में रविवार रात एक नवजात की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। घटना के बाद गुस्साए परिजन अस्पताल परिसर में विरोध करने लगे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने खुद को कमरों में बंद कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, संजना रैकवार को नौ महीने की गर्भावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार शाम करीब 5 बजे उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसके बाद लेबर रूम में सामान्य डिलीवरी की प्रक्रिया शुरू की गई। परिजनों का कहना है कि प्रसव के दौरान बच्चा लगभग बाहर आ चुका था, लेकिन अचानक स्थिति बिगड़ गई। इसके बाद डॉक्टरों ने प्रसूता को ऑपरेशन थियेटर में शिफ्ट किया, जहां कुछ देर बाद नवजात को मृत घोषित कर दिया गया।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यदि नॉर्मल डिलीवरी हो रही थी तो अंतिम समय में ऑपरेशन की जरूरत क्यों पड़ी। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ समय पर उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण ऑपरेशन में देरी हुई और गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई।

वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे जटिल चिकित्सीय स्थिति बताया है। अस्पताल इंचार्ज के अनुसार, प्रसव के दौरान बच्चे का रोटेशन रुक गया था, जो एक गंभीर स्थिति होती है। इसी कारण अंतिम समय में ऑपरेशन का निर्णय लिया गया, लेकिन तब तक नवजात की मौत हो चुकी थी। फिलहाल, पुलिस ने मामले को शांत कराते हुए जांच की बात कही है।
Varsha Shrivastava 
