सिंगरौली बैंक डकैती का खुलासा, बिहार-ओडिशा से 5 मास्टरमाइंड गिरफ्तार

सिंगरौली के वैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र डकैती मामले में पुलिस ने बिहार और ओडिशा से पांच मास्टरमाइंड आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी सिम, ठिकाने और फरार होने की पूरी व्यवस्था कर डकैती की साजिश को अंजाम दिया था।

सिंगरौली बैंक डकैती का खुलासा, बिहार-ओडिशा से 5 मास्टरमाइंड गिरफ्तार
google

सिंगरौली वैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई 15 करोड़ रुपये की सनसनीखेज डकैती मामले में सिंगरौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंगरौली पुलिस ने बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए डकैती की साजिश रचने वाले पांच मास्टरमाइंड आरोपियों को बिहार और ओडिशा से गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को बुधवार को सिंगरौली लाकर न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रभाकर कुमार, हरभजन और रविनंदन कुमार चंदन शामिल हैं, जबकि दो अन्य आरोपियों के नाम जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इन पांचों आरोपियों ने डकैती की पूरी प्लानिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट संभाला था। आरोपियों ने बैंक के भीतर घुसने वाले बदमाशों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे और पूरी वारदात का संचालन पर्दे के पीछे रहकर कर रहे थे। डकैती के बाद फरार बदमाशों के लिए सुरक्षित ठिकाने और भागने की व्यवस्था भी इन्हीं लोगों ने कराई थी।

गौरतलब है कि 17 अप्रैल को वैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर करीब 15 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 20 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। पुलिस द्वारा जारी तस्वीरों में पंकज शर्मा, छोटू, राजेश कुमार और फंटूश जैसे बदमाशों की पहचान सामने आई थी।

एडिशनल एसपी सर्वप्रिय सिंह ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस का मुख्य फोकस लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी के साथ-साथ फरार डकैतों और गिरोह के अन्य सक्रिय सदस्यों तक पहुंचना है।