सागर SP पर 50-60 लाख वसूली का आरोप, संपत्ति जांच की मांग, दिग्विजय सिंह ने बोले- कोर्ट में साबित कर दूंगा

Digvijaya Singh Sagar Liquor Tragedy: सागर शराब कांड को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च निकाला। इसके साथ ही उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सागर एसपी अनुराग सुजानिया पर लाखों रुपये की रिश्वत लेने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की।

सागर SP पर 50-60 लाख वसूली का आरोप, संपत्ति जांच की मांग, दिग्विजय सिंह ने बोले- कोर्ट में साबित कर दूंगा

Digvijaya Singh Sagar Liquor Tragedy : सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। इस घटना को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं।

दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च निकाला और शराब कांड के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सागर में अवैध शराब के कथित कारोबार और प्रशासन की भूमिका को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।

दिग्विजय सिंह का सागर एसपी पर गंभीर आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिग्विजय सिंह ने सागर के पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि अवैध शराब के कारोबार को लेकर पुलिस की भूमिका की जांच होनी चाहिए।

दिग्विजय सिंह ने शराब कारोबार से जुड़े एक लाइसेंसी ठेकेदार का उल्लेख करते हुए उसके और एसपी के बीच कथित संबंधों की जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि हर महीने 50 से 60 लाख रुपये तक की कथित वसूली हो रही है।

उन्होंने एसपी की संपत्ति की जांच आर्थिक अपराध शाखा से कराने की मांग भी उठाई। साथ ही कहा कि यदि एसपी को उनके आरोपों पर आपत्ति है, तो वे उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर कर सकते हैं। दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि अदालत में वह अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने के लिए तैयार हैं।

पूरे सागर जिले में अवैध शराब पर सवाल

दिग्विजय सिंह ने कहा कि मामला केवल बंडा तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, पूरे सागर जिले में अवैध शराब के कारोबार की शिकायतें सामने आ रही हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि इतने बड़े स्तर पर अवैध शराब का कारोबार प्रशासन और पुलिस की जानकारी के बिना कैसे चल सकता है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कथित भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

मुरैना की घटनाओं का भी किया जिक्र

दिग्विजय सिंह ने सागर एसपी की पिछली पोस्टिंग का जिक्र करते हुए मुरैना में अवैध शराब से जुड़ी मौतों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि मुरैना में हुई ऐसी घटनाओं के बाद अब सागर में भी जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने क्यों आया।

चार प्रभावित परिवारों की मदद का ऐलान

शराब कांड से प्रभावित परिवारों के लिए भी दिग्विजय सिंह ने सहायता की घोषणा की। उन्होंने चार पीड़ित परिवारों को गोद लेने की बात कही और प्रत्येक परिवार को हर महीने 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया।

उन्होंने बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने की भी बात कही। इसके अलावा सागर कलेक्टर को लेकर उन्होंने शिकायत की कि उनकी ओर से किए गए फोन का जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने इस मामले को प्रमुख सचिव के सामने उठाने की बात कही।

सागर गोल्ड’ शराब को लेकर भी कार्रवाई की मांग

दिग्विजय सिंह ने ‘सागर गोल्ड’ ब्रांड से जुड़े शराब कारोबारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि शराब कांड में जिन लोगों की मौत हुई है, उनके मामले में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सागर के पुलिस अधीक्षक को हटाने की मांग भी की।

क्या है सागर शराब कांड?

सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया था। इस घटना में 15 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई, जबकि 40 से ज्यादा लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेटियल जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में अब तक 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और 14 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सरकार की ओर से भी मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।