Goa Elections 2027 : AAP और GFP का गठबंधन, 'Goa First' नया राजनीतिक विकल्प

AAP and GFP alliance : आम आदमी पार्टी (AAP) ने गोवा की क्षेत्रीय पार्टी गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के साथ चुनावी गठबंधन का ऐलान किया है। आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों दलों के गठबंधन की औपचारिक घोषणा की।

Goa Elections 2027 : AAP और GFP का गठबंधन, 'Goa First' नया राजनीतिक विकल्प

 AAP and GFP alliance : गोवा विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने गोवा की क्षेत्रीय पार्टी गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के साथ चुनावी गठबंधन का ऐलान किया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को गोवा पहुंचे थे। इसके बाद रविवार दोपहर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों दलों के गठबंधन की औपचारिक घोषणा की गई।

केजरीवाल ने गणेश चतुर्थी के मौके पर इसे गोवा की जनता के लिए एक राजनीतिक 'तोहफा' बताया। उन्होंने कहा कि AAP और GFP मिलकर 'Goa First' नाम से चुनावी गठबंधन के तौर पर मैदान में उतरेंगे। केजरीवाल के मुताबिक, गोवा की राजनीति में लंबे समय से जनता के सामने मुख्य रूप से बीजेपी और कांग्रेस का ही विकल्प रहा है। उनका दावा है कि अब AAP और GFP मिलकर मतदाताओं को एक नया राजनीतिक विकल्प देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोवा के लोग बदलाव चाहते हैं और 'Goa First' उनके सामने इसी बदलाव का विकल्प होगा।

 बीजेपी-कांग्रेस पर केजरीवाल का बड़ा आरोप

अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक मिलीभगत का आरोप भी लगाया। उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों मौकों पर लोगों ने बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस को समर्थन दिया, लेकिन बाद में कांग्रेस के कुछ विधायक बीजेपी के साथ चले गए।

 केजरीवाल ने इसे जनता के जनादेश का अपमान बताते हुए कहा कि गोवा के लोग दो बार ऐसी स्थिति देख चुके हैं और अब तीसरी बार ऐसा नहीं चाहते। उनके मुताबिक, इसी वजह से जनता को बीजेपी और कांग्रेस से अलग एक नए विकल्प की जरूरत है।

उन्होंने गोवा की मौजूदा बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा। केजरीवाल का आरोप है कि सरकार में बड़ी संख्या में ऐसे नेता हैं जो पहले कांग्रेस से जुड़े रहे हैं। उन्होंने इसे विचारधारा से अलग सरकार बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार में जनहित से ज्यादा आर्थिक हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। केजरीवाल ने गोवा में 'माफिया राज' होने का भी आरोप लगाया। 

 'इस बार गोवा में हमारी सरकार बनेगी'

AAP संयोजक ने दावा किया कि आगामी चुनाव में बीजेपी की सरकार बनने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को भी इस बात का अंदाजा है, लेकिन इसके बावजूद वह चुनाव जीतने को लेकर आत्मविश्वास दिखा रही है। केजरीवाल ने कहा कि जनता अब न बीजेपी को और न ही कांग्रेस को विकल्प के तौर पर देखना चाहती है। ऐसे में 'Goa First' गठबंधन लोगों के सामने तीसरे विकल्प के रूप में आएगा। एक पत्रकार के सवाल के जवाब में केजरीवाल ने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में AAP-GFP गठबंधन गोवा में सरकार बनाने में सफल होगा।

GFP का संदेश- 'सबसे पहले गोवा'

 गोवा फॉरवर्ड पार्टी की ओर से भी गठबंधन को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया गया है। पार्टी की राज्य कार्यकारिणी ने समान विचार रखने वाली धर्मनिरपेक्ष पार्टियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

GFP ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए 'Goa First' का संदेश दिया। पार्टी का कहना है कि उसके लिए सबसे ऊपर गोवा और गोवा की पहचान है। GFP ने भ्रष्टाचार, सांप्रदायिक राजनीति और दलबदल की राजनीति के खिलाफ खड़े होने की बात कही है।

गठबंधन के ऐलान से पहले गोवा के हाईवे के किनारे AAP और GFP के चुनाव चिह्न वाले होर्डिंग भी लगाए गए थे। इन पर जनता को राजनीतिक दलों के पुराने अनुभवों को लेकर आगाह करने वाला संदेश दिया गया था।

विधानसभा में AAP और GFP की स्थिति

 गोवा फॉरवर्ड पार्टी गोवा की क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी है और इसका नेतृत्व विजय सरदेसाई करते हैं। 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में GFP के पास फिलहाल एक विधायक है। वहीं आम आदमी पार्टी के पास विधानसभा में दो विधायक हैं। इनमें वेन्जी वीगास और क्रूज सिल्वा शामिल हैं, जो क्रमशः बेनाउलिम और वेलिम विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं। गोवा में विधानसभा चुनाव मार्च 2027 से पहले होने हैं। ऐसे में AAP और GFP का यह गठबंधन आगामी चुनाव में राज्य की राजनीतिक तस्वीर को किस तरह प्रभावित करता है, यह देखने वाली बात होगी।