मऊगंज: सड़क पर सरपट दौड़ती कार अचानक बनी आग का गोला, बाल बाल बचे कार सवार
धूं-धूं कर चली सड़क पर चलती कार, आग लगने से मचा हड़कंप, मऊगंज के सीतापुर क्षेत्र की घटना
मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी। जिले के सीतापुर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क पर सरपट दौड़ रही एक कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। भीषण गर्मी के बीच हुए इस हादसे ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार सामान्य गति से सड़क पर चल रही थी, तभी अचानक बोनट से धुआं उठने लगा,चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दौरान कार में सवार लोगों ने हालात बिगड़ते देख तत्काल दरवाजा खोलकर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। लेकिन देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि पूरी कार धूं-धूं कर जलने लगी। सड़क किनारे मौजूद लोग आग और धुएं का भयावह मंजर देखकर सहम उठे। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई
मऊगंज सीतापुर मार्ग पर मची अफरा-तफरी.
जिले के सीतापुर मार्ग पर घटित घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया, आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर तक दिखाई देता रहा। स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन भीषण गर्मी और तेज लपटों के कारण कोई भी वाहन के करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
चलती कार में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। मौके पर उपस्थित प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कार में सवार लोग यदि कुछ सेकंड भी देर कर देते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि इस घटना में जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसे ने वाहन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भीषण गर्मी के इस दौर में वाहनों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जानकारों के अनुसार अत्यधिक तापमान, इंजन ओवरहीटिंग और शॉर्ट सर्किट ऐसे हादसों की बड़ी वजह बन सकते हैं. मऊगंज थाना क्षेत्र के सीतापुर में हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप और लोगों में दहशत का माहौल देखा गया।
Varsha Shrivastava 
