CM डॉ. मोहन यादव का आज का कार्यक्रम: पांढुर्णा में विकास कार्यों की सौगात, मंडला में तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेगा बोनस
आज पांढुर्णा और मंडला दौरे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव: तेंदूपत्ता संग्राहकों को वितरित करेंगे ₹36 करोड़ का बोनस, पांढुर्णा में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 4 अक्टूबर को मध्यप्रदेश के पांढुर्णा और मंडला जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान दोनों जिलों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पांढुर्णा में वे विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करने के साथ ही स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मंडला पहुंचकर तेंदूपत्ता संग्राहकों और वन समितियों से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पांढुर्णा में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह पांढुर्णा पहुंचेंगे। यहां वे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री सांदीपनि स्कूल पांढुर्णा में आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में भी हिस्सा लेंगे और जिले के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। पांढुर्णा के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री मंडला के लिए रवाना होंगे। दोपहर में वे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मंडला में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण
मंडला में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति के सदस्यों के प्रशिक्षण-सह-जागरूकता एवं प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश के 9 लाख 4 हजार 126 तेंदूपत्ता संग्राहकों को 36 करोड़ 17 लाख 37 हजार 518 रुपये का तेंदूपत्ता बोनस वितरित करेंगे। इस कार्यक्रम में पूर्व मंडला, पश्चिम मंडला, डिंडोरी, जबलपुर, उत्तर सिवनी, दक्षिण सिवनी, उत्तर बालाघाट और दक्षिण बालाघाट वन मंडल से जुड़े तेंदूपत्ता संग्राहक लाभान्वित होंगे।
84 वन समितियों को काष्ठ लाभांश भी मिलेगा
मुख्यमंत्री मंडला में 84 वन समितियों के सदस्यों को 26 करोड़ 56 लाख 53 हजार 929 रुपये का काष्ठ लाभांश भी वितरित करेंगे। इसमें पूर्व मंडला और पश्चिम मंडला की वन समितियां शामिल हैं। सरकार के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य वनोपज से जुड़े परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उनके परिश्रम को सम्मान देना है। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम को मंडला से जबलपुर होते हुए भोपाल लौटेंगे।
Varsha Shrivastava 
