मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन ने मुदरिया चौवान में किया श्रमदान, जल संरक्षण का दिया संदेश

मऊगंज में जल महोत्सव के साथ ग्राम मुदरिया चौहान में एकल ग्राम नलजल योजना का हुआ शुभारंभ

मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन ने मुदरिया चौवान में किया श्रमदान, जल संरक्षण का दिया संदेश

मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल स्त्रोतों के संरक्षण और पुनरुद्धार हेतु प्रशासनिक सक्रियता तेज हो गई है। इसी क्रम में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने ग्राम मुदरिया चौहान स्थित भुअरा तालाब पहुंचकर स्वयं श्रमदान किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ना है। श्रमदान के दौरान कलेक्टर ने तालाब की स्वच्छता का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से संवाद करते हुए जल स्रोतों की पवित्रता बनाए रखने की अपील की। 

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तालाब के पानी में साबुन, डिटर्जेंट और अन्य रासायनिक अपशिष्टों का उपयोग पूर्णत प्रतिबंधित रहे। तालाब के घाटों पर गंदगी न फैलाई जाए और स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों के आसपास कचरा फेंकने वालों पर निगरानी रखी जाए।कलेक्टर संजय कुमार जैन ने बताया कि "जल गंगा संवर्धन अभियान" केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने का एक सामूहिक संकल्प है। अभियान के माध्यम से तालाबों, कुओं और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों का गहरीकरण एवं सफाई कार्य निरंतर जारी है, ताकि आगामी मानूसन में जल संचयन की क्षमता को बढ़ाया जा सके।

जल ही जीवन का आधार है। यदि हम आज अपने जल स्रोतों को प्रदूषित होने से नहीं बचाएंगे, तो भविष्य की पीढ़ियों के लिए गंभीर संकट खड़ा होगा। प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जल स्रोतों के संरक्षण में श्रमदान करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों सहित ग्रामीणजनों ने भी श्रमदान कर स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया। वहीं प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत विकासखंड मऊगंज के ग्राम मुदरिया चौहान में 'जल महोत्सव' का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर संजय कुमार जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्राम मुदरिया चौहान में एकल ग्राम नलजल योजना के तहत पुनरीक्षित कार्यों को पूर्ण कर ग्रामीण वासियों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति औपचारिक रूप से प्रारंभ कर दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि एकल ग्राम नलजल योजना के अंतर्गत ग्राम मुदरिया चौहान में पुनरीक्षित कार्य पूर्ण कर ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के माध्यम से प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 55 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संकल्प के अनुरूप भारत सरकार और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से साकार हुई है। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर संजय कुमार जैन ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया और जल को जीवन का आधार बताते हुए इसके संरक्षण पर विशेष बल दिया। उन्होंने ग्रामीणों को जल सुरक्षा और सामूहिक जिम्मेदारी की शपथ दिलाई। समारोह में कार्यपालन संजय पाण्डेय ने बताया कि इस योजना के माध्यम से अब ग्राम वासियों को 55 लीटर प्रति व्यक्ति के मान से निरंतर शुद्ध पेयजल प्रदाय किया जाएगा। ग्रामीणों को 18 प्रकार की जानलेवा जल-जनित बीमारियों से सुरक्षित रखने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। कलेक्टर की उपस्थिति में ग्रामीणों से जल अधोसंरचना के संरक्षण की अपील की गई।

इस कार्यक्रम में ग्राम मुदरिया चौहान के समस्त ग्रामीणों से कहा गया कि अपने-अपने घरों में लगे नल और घर के सामने स्थापित की गई पाइपलाइन की सुरक्षा और उसकी निगरानी स्वयं करें। इस जन-भागीदारी से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कोई भी असामाजिक तत्व पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बाधित न कर सके। पेयजल को सुरक्षित और स्वच्छ रखने के उद्देश्य से नल के चारों ओर साफ-सफाई बनाए रखने का कार्य घर के प्रत्येक सदस्य को जिम्मेदारी पूर्वक करना होगा। कार्यक्रम में जनसमुदाय को जल संरक्षण का संदेश देते हुए प्रेरित किया गया कि जल को बचाने से ही जीवन बचेगा और जल को सुरक्षित व संयमित रखने से ही आगामी भविष्य और जन-जीवन स्वस्थ रहेगा। यह शासकीय संपत्ति नहीं, बल्कि आपकी अपनी धरोहर है, जिसकी रक्षा करना हर ग्रामीण का कर्तव्य है। इस कार्यक्रम में मुदरिया चौहान की सरपंच राजकुमारी रावत,एसडीम मऊगंज एपी द्विवेदी, सीईओ जनपद मऊगंज परमानंद तिवारी,स्थानीय जनप्रतिनिधि और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।