भोपाल में गैस लाइन फटने से मचा हडकंप,पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

भोपाल के शाहपुरा थाने के सामने खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे इलाके में गैस फैल गई और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस और कंपनी कर्मचारियों की सतर्कता से किसी भी तरह की जनहानि या आग की घटना नहीं हुई।

भोपाल में गैस लाइन फटने से मचा हडकंप,पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

भोपाल: राजधानी भोपाल के शाहपुरा इलाके में गुरुवार दोपहर अचानक हड़कंप मच गया, जब थाने के सामने चल रही भूमिगत गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई।

 पाइपलाइन फटने से फैली गैस

सड़क किनारे हो रहे खुदाई कार्य के दौरान थिंक गैस की लाइन फटते ही आसपास गैस फैल गई, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने सड़क के दोनों ओर से वाहनों और लोगों की आवाजाही रोक दी और सभी को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए। संभावित खतरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र को कुछ समय के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया।

पुलिस ने तुरंत किया क्षेत्र को कंट्रोल


पुलिस की सूचना पर थिंक गैस कंपनी की तकनीकी टीम भी मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत शुरू की और गैस सप्लाई को नियंत्रित किया। थोड़े ही समय में लीकेज पर काबू पा लिया गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

अधिकारी बोले: समय पर कार्रवाई ने टाला बड़ा हादसा

स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि अगर समय रहते गैस लीकेज को नियंत्रित नहीं किया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। थाना, बाजार और रिहायशी क्षेत्र के पास होने के कारण खतरा और अधिक गंभीर था। पुलिस और कंपनी कर्मचारियों की सतर्कता से किसी भी तरह की जनहानि या आग की घटना नहीं हुई।

मरम्मत के बाद स्थिति सामान्य

मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है और गैस सप्लाई सुरक्षित रूप से बहाल कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए खुदाई कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभागों के साथ समन्वय अवश्य करें।