IPS Service Meet: सीएम मोहन यादव का ऐलान, हर साल 7500 पदों पर होगी पुलिस भर्ती
भोपाल में आयोजित भारतीय पुलिस सेवा समागम का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुभारंभ किया, जिसमें प्रदेशभर के आईपीएस अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में नक्सलवाद के खात्मे को बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री ने हर वर्ष 7,500 पुलिस भर्तियों की घोषणा की।
भोपाल: मिंटो हॉल में भारतीय पुलिस सेवा संघ मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित भारतीय पुलिस सेवा समागम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों से आए आईपीएस अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर डीजीपी कैलाश मकवाना भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मध्य प्रदेश पुलिस ने नक्सलवाद को समाप्त किया-DGP
समागम को संबोधित करते हुए डीजीपी कैलाश मकवाना ने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस ने नक्सलवाद को समाप्त करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। जो कार्य कभी असंभव प्रतीत होता था, उसे पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों के समन्वय से संभव किया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई, कई बड़े एनकाउंटर हुए और डायल-112 सेवा की शुरुआत कर त्वरित पुलिस सहायता को मजबूत किया गया।
मप्र पुलिस बल ने अपनी दृढ़ता से नक्सल मूवमेंट को पूरी तरह समाप्त कर दिया है।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) January 16, 2026
आज भोपाल में IPS सर्विस मीट-2026 को संबोधित कर पुलिस अधिकारियों को 'नक्सल मुक्त मध्यप्रदेश' का संकल्प साकार करने की बधाई दी। मप्र पुलिस ने अपने नवाचार, सामर्थ्य व दक्षता से देश के समक्ष जनकेंद्रित… pic.twitter.com/FHylNN2rC4
पुलिस का समाज में विशेष महत्व-CM
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस का समाज में विशेष महत्व है और अनुशासन के लिए पुलिस को जाना जाता है। उन्होंने कहा कि 2025 का वर्ष प्रदेश के लिए उपलब्धियों से भरा रहा है, विशेषकर नक्सलवाद के खात्मे को एक बड़ी सफलता बताया।

हर साल प्रदेश में 7500 पदों पर होगी पुलिस भर्ती
मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि “यदि हनुमान जी को जामवंत का मार्गदर्शन नहीं मिलता, तो वे समुद्र नहीं लांघ पाते इसी तरह वरिष्ठों का अनुभव हमारे लिए मार्गदर्शक होता है।”मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्रदेश में हर वर्ष साढ़े सात हजार पदों पर पुलिस भर्ती की जाएगी, जिससे पुलिस बल और अधिक सशक्त होगा।
sanjay patidar 
