आचार्य समय सागर महाराज होंगे मध्य प्रदेश के राजकीय अतिथि, CM मोहन यादव ने भोपाल में किया ऐलान
भोपाल में चातुर्मास कलश स्थापना महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आचार्य समय सागर महाराज को मध्य प्रदेश का राजकीय अतिथि घोषित करने की घोषणा की। साथ ही उन्हें विधानसभा आने का निमंत्रण भी दिया।
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राजधानी भोपाल में आयोजित आचार्य समय सागर महाराज ससंघ के चातुर्मास कलश स्थापना महोत्सव में बड़ा ऐलान किया. उन्होंने घोषणा की कि आचार्य समय सागर महाराज को मध्य प्रदेश का राजकीय अतिथि (State Guest) घोषित किया जाएगा. मुख्यमंत्री की इस घोषणा का समारोह में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ स्वागत किया.
CM ने किया पाद प्रक्षालन, लिया आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आचार्य समय सागर महाराज का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया. इस मौके पर आचार्य श्री ने मुख्यमंत्री को शास्त्र भेंट किए. समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. ट्रस्ट अध्यक्ष पंकज सुपारी, पूर्व अध्यक्ष मनोज बांगा, प्रमोद जैन और हिमांशु जैन ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. कार्यक्रम में मंत्री विश्वास सारंग, विधायक आलोक शर्मा, राहुल कोठारी, रविंद्र यति, राजकुमार पटेल समेत कई जनप्रतिनिधि और समाजजन मौजूद रहे.

'संतों का सान्निध्य जीवन को देवमार्ग की ओर ले जाता है'
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मनुष्य जीवन 84 लाख योनियों के बाद मिलता है और इसी जीवन से दो रास्ते निकलते हैं एक देवत्व की ओर और दूसरा कष्टों की ओर. उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को संतों का सान्निध्य मिल जाए तो उसका जीवन सही दिशा में आगे बढ़ता है. मुख्यमंत्री ने आचार्य विद्यासागर महाराज के साथ अपने वर्षों पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि उन्हें कई बार उनके दर्शन और मार्गदर्शन का अवसर मिला. अब आचार्य समय सागर महाराज उसी आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत की पहचान उसकी आध्यात्मिक विरासत, संत परंपरा, अहिंसा और सेवा भाव से है। जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की सेवा करना है और शासन का हर निर्णय समाज के अंतिम व्यक्ति के हित को ध्यान में रखकर लिया जाना चाहिए.

आचार्य समय सागर महाराज ने दिया सेवा और अहिंसा का संदेश
आचार्य समय सागर महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि अहिंसा केवल जैन धर्म का नहीं, बल्कि पूरे विश्व का आधार है. उन्होंने समाज से आह्वान किया कि आचार्य विद्यासागर महाराज की प्रेरणा के अनुरूप शिक्षा, चिकित्सा, जीव दया और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया जाए. उन्होंने कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के जीवन को बेहतर बनाने का माध्यम भी है.

विधानसभा आने का भी दिया निमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आचार्य समय सागर महाराज को मध्य प्रदेश विधानसभा आने का निमंत्रण भी दिया. उन्होंने कहा कि यदि आचार्य श्री विधानसभा आएंगे तो प्रदेश के सभी विधायक उनके मार्गदर्शन का लाभ ले सकेंगे और सेवा, संयम व लोककल्याण के मूल्यों से प्रेरणा प्राप्त करेंगे.
देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु
समाज प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि चातुर्मास कलश स्थापना समारोह में अनेक त्यागी-व्रतियों का सम्मान किया गया. देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने आचार्य समय सागर महाराज के दर्शन और आशीर्वचन का लाभ लिया. मुख्यमंत्री द्वारा आचार्य समय सागर महाराज को राजकीय अतिथि घोषित करने की घोषणा का जैन समाज ने स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया.

