रीवा: अटल पार्क में वाजपेयी प्रतिमा का अनावरण करेंगे अमित शाह, प्लास्टिक मूर्ति को लेकर महापौर का विरोध
रीवा में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण से पहले प्लास्टिक मूर्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, जिस पर महापौर ने आपत्ति जताई है।
रीवा में 25 दिसंबर को देश के गृहमंत्री अमित शाह आने वाले हैं। इस दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है और इसी मौके पर अटल पार्क में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाना है। कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
शुक्रवार शाम डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल ने अटल पार्क पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को प्रतिमा का अनावरण गृहमंत्री अमित शाह खुद करेंगे और उनके दौरे के दौरान रीवा को कई विकास योजनाओं की सौगात मिल सकती है।

किसानो को मिलेंगी सुविधाएं
डिप्टी CM ने बताया कि बसामन मामा क्षेत्र में किसान महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जहां किसानों को बड़ी राहत और सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए काम किया जा रहा है। यहां 10 हजार से ज्यादा गोवंश से मिलने वाले गोबर और गोमूत्र का इस्तेमाल कर किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्रतिमा पर विवाद
इधर, अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया है। रीवा के कांग्रेस महापौर अजय मिश्रा बाबा ने आरोप लगाया है कि धातु की प्रतिमा समय पर तैयार नहीं हो पाई है और उसकी जगह प्लास्टिक की प्रतिमा लगाने की तैयारी है। उन्होंने इसे जनता के पैसे की बर्बादी बताया।

महापौर ने कहा कि नगर निगम ने धातु की प्रतिमा के लिए पहले ही प्रस्ताव पास कर दिया था और मूर्तिकार को एडवांस राशि भी दी जा चुकी है। ऐसे में अब प्लास्टिक की मूर्ति लगाने की बात समझ से बाहर है।
प्लास्टिक की प्रतिमा का अनवारण गलत: महापौर
उन्होंने यह भी कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सभी दलों के लिए सम्मान के प्रतीक थे। उनकी धातु की प्रतिमा का अनावरण बाद में भी किया जा सकता है, फिर इतनी जल्दबाजी क्यों? महापौर ने साफ कहा कि वे प्लास्टिक की मूर्ति का अनावरण नहीं होने देंगे।

महापौर ने बताया कि उन्होंने इस मामले में मूर्तिकार से बात की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। साथ ही कलेक्टर प्रतिभा पाल से भी चर्चा की गई है.
Saba Rasool 
