मऊगंज में अवैध LPG सिलेंडर भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 19 सिलेंडर जब्त

मऊगंज कलेक्टर संजय जैन के निर्देश पर जांच दल ने की गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और जमाखोरी के खिलाफ छापामारी कार्रवाई।

मऊगंज में अवैध LPG सिलेंडर भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 19 सिलेंडर जब्त

मऊगंज। जिले में अवैध रूप से घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के भंडारण और जमाखोरी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर संयुक्त जांच दल ने औचक निरीक्षण कर एक गैस व्यापारी के गोदाम से 19 गैस सिलेंडर जब्त किए।

जानकारी के अनुसार, बरहटा मोड़ के समीप स्थित व्यापारी विष्णु गुप्ता के दुकान-सह-गोदाम में अवैध रूप से गैस सिलेंडर रखे जाने की सूचना प्रशासन को प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर गठित संयुक्त जांच दल ने मौके पर पहुंचकर परिसर की गहन जांच की। जांच के दौरान कुल 19 घरेलू एलपीजी सिलेंडर अनधिकृत रूप से भंडारित पाए गए।

जब्त किए गए सिलेंडरों में विभिन्न गैस कंपनियों के सिलेंडर शामिल हैं, जिनमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के 1 खाली सिलेंडर, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के 15 खाली सिलेंडर तथा भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के 3 सिलेंडर शामिल हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सभी सिलेंडरों को शिवम एचपी गैस एजेंसी की अभिरक्षा में रखा गया है।

सहायक आपूर्ति अधिकारी अनिल गुप्ता ने बताया कि यह कार्रवाई द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के उल्लंघन के तहत की गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ प्रकरण तैयार कर आगे की विधिक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार नीरज दुबे, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अनिल गुप्ता तथा मऊगंज थाना प्रभारी संदीप भारती सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।