गुना से बीना-रुठियाई नई मेमू ट्रेन को मिली हरी झंडी, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया शुभारंभ

गुना रेलवे स्टेशन से बीना–गुना–रुठियाई नई मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया। नई ट्रेन के शुरू होने से गुना संसदीय क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

गुना से बीना-रुठियाई नई मेमू ट्रेन को मिली हरी झंडी, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया शुभारंभ

भोपाल/गुना। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल अंतर्गत गुना रेलवे स्टेशन से शुक्रवार को बीना–गुना–रुठियाई नई मेमू ट्रेन सेवा की शुरुआत हुई। केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि चंबल और मालवा क्षेत्र में रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।

गुना क्षेत्र में रेलवे विकास को मिलेगी रफ्तार

सिंधिया ने बताया कि गुना संसदीय क्षेत्र में कई एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव और नई रेल सेवाएं शुरू कराई गई हैं। साथ ही उन्होंने गुना रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।

ऐसा रहेगा नई मेमू ट्रेन का टाइम-टेबल

रेलवे के अनुसार नई मेमू ट्रेन का नियमित संचालन 27 जून 2026 से शुरू हो गया है।

  • गाड़ी संख्या 61625 (बीना–रुठियाई मेमू) प्रतिदिन शाम 4:20 बजे बीना से रवाना होगी। यह सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 7:05 बजे गुना और शाम 7:40 बजे रुठियाई पहुंचेगी।
  • गाड़ी संख्या 61626 (रुठियाई–बीना मेमू) प्रतिदिन रात 8:00 बजे रुठियाई से चलेगी। यह रात 8:20 बजे गुना पहुंचेगी और सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव करते हुए रात 11:20 बजे बीना पहुंचेगी।

कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, अन्य जनप्रतिनिधि, नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

रेल प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया सहित रेलवे के कई अधिकारी और कर्मचारी भी समारोह में शामिल हुए।

रेलवे का कहना है कि नई मेमू ट्रेन सेवा शुरू होने से क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा और यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।