रीवा में नहर में डूबे युवक का शव बरामद, SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान

रीवा के थाना सामान क्षेत्र स्थित रतहरा नहर में डूबे 30 वर्षीय युवक का शव SDRF टीम ने सर्च अभियान चलाकर बरामद किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

रीवा में नहर में डूबे युवक का शव बरामद, SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान

रीवा जिले के थाना सामान क्षेत्र अंतर्गत रतहरा नहर में डूबे युवक का शव एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने सर्च अभियान चलाकर बरामद कर लिया। युवक के नहर में डूबने की सूचना मंगलवार शाम पुलिस को मिली थी, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

पुलिस से मिली सूचना के अनुसार, थाना सामान क्षेत्र के रतहरा नहर में एक युवक के डूबने की सूचना पर आपदा प्रबंधन निरीक्षक विकाश कुमार पांडेय के नेतृत्व में एसडीआरएफ की छह सदस्यीय टीम को मौके पर भेजा गया।

टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया और कुछ ही समय में नहर से युवक का शव बरामद कर लिया।

मृतक की पहचान कौशलेंद्र उपाध्याय (30), पिता इंद्रावली उपाध्याय, निवासी ग्राम रतहरी, के रूप में हुई है।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक के नहर में डूबने के कारणों की जांच की जा रही है।