अप्रैल से रीवा–सीधी के बीच दौड़ेगी ट्रेन, डिप्टी CM का बड़ा ऐलान
रीवा से सीधी के बीच इसी साल के अप्रैल से ट्रेन सेवा शुरू होगी। इससे विंध्य क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
मध्य प्रदेश के डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ला ने ललितपुर–सिंगरौली रेल लाइन के काम की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि रीवा से सीधी के बीच ट्रेन अप्रैल 2026 तक चलने लगेगी।
उन्होंने बताया कि रीवा–सीधी के बीच रेल लाइन का काम तेजी से चल रहा है। प्लानिंग है कि 2028 तक ये रेल लाइन सिंगरौली तक पहुंच जाएगी। बैठक में रेलवे के बड़े अधिकारी, जिलों के कलेक्टर और दूसरे अधिकारी मौजूद थे।

डिप्टी CM ने अधिकारियों से कहा कि जमीन अधिग्रहण, जंगल की अनुमति और बाकी सभी दिक्कतें तुरंत खत्म की जाएं। उन्होंने साफ कहा कि काम कहीं भी नहीं रुकना चाहिए और इसे तेजी से पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि ऊँचे स्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए।
रेल लाइन का काम लगभग पूरा
इस रेल लाइन के तहत रीवा जिले में सिलपरा और गोविंदगढ़ के रेलवे स्टेशन बनकर तैयार हैं। वहीं सीधी जिले के रामपुर नैकिन और चौरहट में भी स्टेशन बन चुके हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, रीवा–सीधी का काम अब लगभग पूरा हो गया है।
आज नवीन सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में ललितपुर-सिंगरौली रेलवे परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।
— Rajendra Shukla (@rshuklabjp) January 30, 2026
अधिकारियों को निर्देश दिए कि अप्रैल माह तक सीधी तक रेलवे लाइन का कार्य पूर्ण कर रेवांचल एक्सप्रेस का संचालन सुनिश्चित करें।
परियोजना से जुड़ी सभी बाधाओं के शीघ्र निराकरण और… pic.twitter.com/7BrVQKyBVp
ट्रेन शुरू होने से रीवा, सीधी और आसपास के लोगों को आने-जाने में बहुत सुविधा होगी। इससे विंध्य इलाके में व्यापार, काम-धंधा और पर्यटन बढ़ेगा।
कई सालों से अटकी यह रेल परियोजना अब आखिरी दौर में है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग मिलकर काम करेंगे ताकि तय समय पर ट्रेन चल सके और विंध्य के लोगों का पुराना सपना पूरा हो सके।
Saba Rasool 
