सिंगरौली, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सिंगरौली में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले दिन आयोजित ‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम के तहत जुड़वा तालाब परिसर में 25 हजार मिट्टी के दीप जलाए गए। हजारों दीपों से सजा तालाब परिसर आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री परिवार के सदस्यों ने मंत्रोच्चार और वैदिक विधि-विधान के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम में विधायक रामनिवास शाह, विधायक राजेंद्र मेश्राम, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय, पार्षद सीमा जायसवाल, राम नरेश शाह, संतोष शाह, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, उप आयुक्त आरपी बैस और कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
जिलेभर में घर-घर जलाए गए दीप
‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम का आयोजन सिर्फ जुड़वा तालाब तक सीमित नहीं रहा। नगरीय क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों और जिले के ग्रामीण इलाकों में भी लोगों ने अपने घरों में दीप जलाए। प्रधानमंत्री आवास योजना गनियारी के हितग्राही परिवारों ने 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए।
कार्यक्रम में समाजसेवियों, व्यापारियों, हितग्राही परिवारों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और जन अभियान परिषद के सदस्यों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जनसेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य परीक्षण, पौधरोपण, सामाजिक कल्याण और शासन की जनहितकारी योजनाओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अधिकारियों ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और सेवा गतिविधियों से जुड़ने की अपील की है।