Balaghat Children's Deaths: Jitu Patwari 'न्याय यात्रा' का करेंगे नेतृत्व, जनसभा को भी करेंगे संबोधित
Balaghat Childrens Deaths : बालाघाट में बैगा बच्चों की मौत के मामले को लेकर जीतू पटवारी 15 सितंबर को बालाघाट जाएंगे, जहां वे कांग्रेस की 'न्याय यात्रा' (आंदोलन) का नेतृत्व करेंगे। साथ ही, कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग करेंगे।
Balaghat Children's Deaths: मध्य प्रदेश के बालाघाट में बैगा बच्चों की मौत का आंकड़ा और बच्चों के बीमार होने का सिलसिला नहीं थम रहा है। इस गंभीर प्रशासनिक और स्वास्थ्य लापरवाही के मुद्दे पर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। इसी बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी 15 सितंबर, मंगलवार को बालाघाट दौरे पर रहेंगे, जहां वे पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका दुख साझा करेंगे।
कलेक्टर कार्यालय का करेंगे घेराव
पीड़ित परिवारों से मिलने के अलावा जीतू पटवारी शहर के आंबेडकर चौक से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक कांग्रेस की 'न्याय यात्रा' (आंदोलन) का नेतृत्व भी करेंगे। दोपहर 12 बजे एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है, जिसके बाद कानून-व्यवस्था, बच्चों की मौत, और स्वास्थ्य सुविधाओं में कथित लापरवाही को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। पटवारी मृतक आदिवासी बच्चों के परिजनों से भी मुलाकात करेंगे।
लगातार बढ़ रहा है मौतों का आंकड़ा
बालाघाट में बैगा समुदाय के बच्चों की मौतों का आंकड़ा 32 तक पहुंच चुका है, जिसे लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव और समय पर इलाज न मिलने के आरोपों के बीच कांग्रेस ने इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाने की तैयारी कर ली है।
प्रशासन ने उठाए बड़े कदम
वही, प्रशासन ने बड़े कदम उठाए हैं। बीस सर्वे टीमें घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच कर रही हैं, जिन्हें छह पीएम-जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट, 18 मेडिकल ऑफिसर और चार एंबुलेंस का सहयोग मिल रहा है। अब तक 458 सेशन के जरिए लगभग 21000 बच्चों को टीका लगाया जा चुका है। 900 से ज्यादा बच्चों को विटामिन ए, ओआरएस और जिंक दिया गया है, जबकि सैकड़ों बच्चों को आयरन सिरप और एल्बेंडाजोल दिया गया है।
Anjali 
