आशीष यादव ने रचा इतिहास, वर्ल्ड U-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता सिल्वर

उत्तर प्रदेश के आशीष यादव ने वर्ल्ड एथलेटिक्स U-20 चैंपियनशिप में जैवलिन थ्रो में 74.09 मीटर के प्रदर्शन के साथ सिल्वर मेडल जीता.

आशीष यादव ने रचा इतिहास, वर्ल्ड U-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता सिल्वर

उत्तर प्रदेश के युवा जैवलिन थ्रोअर आशीष यादव ने इंटरनेशनल एथलेटिक्स में भारत का नाम रोशन किया है. अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में आशीष ने जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल अपने नाम किया. इस प्रतियोगिता में भारत का यह पहला पदक रहा.

आशीष ने अपने तीसरे प्रयास में 74.09 मीटर का थ्रो किया और दूसरे स्थान पर रहते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया. वह अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से सिर्फ 40 सेंटीमीटर पीछे रहे. आशीष का अब तक का बेस्ट थ्रो 74.49 मीटर है, जो उन्होंने इसी साल मार्च में पटियाला में आयोजित इंडियन ओपन थ्रो प्रतियोगिता में दर्ज किया था.

इस मेडल के साथ आशीष ने एक खास उपलब्धि भी अपने नाम कर ली. वह नीरज चोपड़ा के बाद वर्ल्ड U-20 चैंपियनशिप के जैवलिन थ्रो में मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं.

80.50 मीटर के थ्रो के साथ जीता गोल्ड

जैवलिन थ्रो के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के जान हेंड्रिक हेमैंस ने 80.50 मीटर का शानदार थ्रो करते हुए गोल्ड मेडल जीता. डोमिनिका के एडिसन जेम्स 73.89 मीटर के प्रदर्शन के साथ तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें ब्रॉन्ज मिला.

भारत की ओर से आशीष के अलावा टी धरणीधरन ने भी इस इवेंट में हिस्सा लिया. धरणीधरन ने 72.35 मीटर का थ्रो किया और छठे स्थान पर रहे.

वर्ल्ड U-20 चैंपियनशिप में भारत के लिए जैवलिन थ्रो का सबसे यादगार प्रदर्शन नीरज चोपड़ा ने किया था. उन्होंने 2016 में पोलैंड में 86.48 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता था. उनका यह प्रदर्शन वर्ल्ड जूनियर रिकॉर्ड भी बना था, जो अब तक कायम है.

कौन हैं आशीष यादव?

आशीष यादव का जन्म 11 अप्रैल 2007 को हुआ था. वह उत्तर प्रदेश और आर्मी की ओर से घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं. पिछले कुछ समय में उनके प्रदर्शन में लगातार सुधार देखने को मिला है.

पटियाला में आयोजित इंडियन ओपन थ्रो प्रतियोगिता में आशीष ने 74.49 मीटर का थ्रो करके U-20 खिताब जीता था. इसके बाद लुधियाना में हुई इंडियन एथलेटिक्स सीरीज में उन्होंने 72.27 मीटर के प्रदर्शन के साथ तीसरा स्थान हासिल किया.

तुमकुरु में आयोजित नेशनल जूनियर U-20 एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में भी आशीष ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 73.12 मीटर का थ्रो करके सिल्वर मेडल जीता था. इस प्रतियोगिता में रोहन यादव ने 73.37 मीटर के साथ गोल्ड मेडल हासिल किया था.

अब वर्ल्ड U-20 चैंपियनशिप में सिल्वर जीतकर आशीष ने अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक हासिल कर ली है. उनके प्रदर्शन ने भारतीय जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा के बाद अगली पीढ़ी के लिए उम्मीदें भी बढ़ा दी हैं.