मैहर में स्कूल प्राचार्य की संदिग्ध मौत, कमरे में अंदर से बंद मिला दरवाजा,पुलिस जांच में जुटी,मौत का कारण अज्ञात
मैहर के उत्तर दरवाजा स्थित वार्ड नंबर 11 में संचालित सीमा स्कूल के प्राचार्य अनिल तिवारी (50 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.
मैहर के उत्तर दरवाजा स्थित वार्ड नंबर 11 में संचालित सीमा स्कूल के प्राचार्य अनिल तिवारी (50 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार अनिल तिवारी, पिता पवन तिवारी, मूल निवासी हनुमना (रीवा) थे और मैहर में ही रहकर सीमा स्कूल का संचालन करते थे. रोज की तरह बुधवार की सुबह बच्चे स्कूल पहुंचे, लेकिन स्कूल संचालक स्कूल में नजर नहीं आए. जिस कमरे में वे रहते थे उसका दरवाजा अंदर से बंद था.
सुबह नही खुला दरबाजा
बच्चों और स्कूल की एक शिक्षिका ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद आसपास के और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रमेश प्रजापति समेत लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और डायल 112 पर सूचना दी गई. पुलिस के पहुंचने के बाद मोहल्ले के लोग छत के रास्ते खिड़की से कमरे के अंदर पहुंचे. वहां अनिल तिवारी संदिग्ध हालत में पड़े मिले. इसके बाद दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मैहर में रहकर करते थे स्कूल का संचालन
बताया जा रहा है कि अनिल तिवारी घर में अकेले रहते थे और स्कूल का संचालन भी खुद ही करते थे. घटना की सूचना पुलिस ने उनके परिजनों को दे दी है. मैहर कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
shivendra 
