भोपाल में कलेक्टर्स-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस का दूसरा दिन सम्पन्न
भोपाल में आयोजित कलेक्टर्स-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शी सूचना प्रसार पर जोर दिया।
भोपाल में चल रहे कलेक्टर्स-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस का आज दूसरा दिन था। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में कलेक्टर्स - एसपी कांफ्रेंस की समीक्षा करने पहुंचे। 8 अक्टूबर को आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में मुख्य सचिव अनुराग जैन ने शासन की नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों की सही और समायोजित जानकारी जन सामान्य तक पहुंचाने की महत्ता पर बल दिया।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि-
"सूचनाओं का पारदर्शी प्रसार सरकार की विश्वसनीयता स्थापित करने का मुख्य आधार है। इसके साथ ही जिला प्रशासन को अफवाहों, गलत जानकारी और दुष्प्रचार का खंडन करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए। इससे जनहित की रक्षा के साथ सरकार की छवि को बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।"

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में आयोजित कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस 2025 में सहभागिता की।
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) October 8, 2025
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश की मजबूत कानून व्यवस्था और सुशासन को और अधिक सुदृढ़ करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।… pic.twitter.com/tGp3WkuTcj
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि-
"जिला स्तर पर योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में जनभागीदारी को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर विधानसभा वार विजन डॉक्यूमेंट विकसित किए गए हैं। इसके क्रियान्वयन को सभी जिले प्राथमिकता पर लें। समाधान ऑनलाइन में आने वाले प्रकरणों के निराकरण के साथ व्यवस्था में हो रही कमियों पर ध्यान देते हुए उन्हें दूर करने के प्रयास किए जाएं।"

"जिलों में पदस्थ जनसंपर्क अधिकारी की भूमिका को सशक्त करते हुए जिला प्रशासन की सकारात्मक पहल और सफलता की कहानियों का व्यापक प्रसार किया जाए। जिला स्तर के सभी विभागों के अधिकारी जनसंपर्क अधिकारी के संपर्क में रहे तथा उन्हें नियमित रूप से अपने-अपने विभाग की उपलब्धियों से अवगत कराएं। विभागों और जनसंपर्क अधिकारी के मध्य समन्वय के लिए जिला कलेक्टर किसी वरिष्ठ अधिकारी को नोडल ऑफिसर नामांकित करें।पत्रकारिता महाविद्यालय और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप पर रखकर जिला स्तर पर हो रही सकारात्मक गतिविधियों और सफलता की कहानियों के संकलन में उनकी सेवाएं ली जाएं।"

संचार के सभी माध्यमों से हो योजनाओं का प्रचार-प्रसार
आयुक्त जनसंपर्क दीपक सक्सेना ने जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों का प्रेजेन्टेशन देते हुए कहा कि-
"सकारात्मक जनमत तैयार करने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रानिक और सोशल मीडिया के माध्यम से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा सकता है। नवीनतम तकनीकों के उपयोग से जनसंपर्क गतिविधियों को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाना संभव हुआ है। मीडिया विश्लेषण और जन भावनाओं के अध्ययन से नीतियों में आवश्यक सुधार भी किया जा सकता है।"


