मध्य प्रदेश वाणिज्यिक कर विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 4 उपायुक्त बने अपर आयुक्त
DPC की अनुशंसा पर वाणिज्यिक कर विभाग में 4 अधिकारियों को मिली पदोन्नति, 2 साल की परिवीक्षा पर संभालेंगे नई जिम्मेदारी
भोपाल। मध्य प्रदेश शासन के वाणिज्यिक कर विभाग ने विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की अनुशंसा के आधार पर चार उपायुक्त स्तर के अधिकारियों को अपर आयुक्त पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी किए हैं। यह पदोन्नति वर्ष 2025 की रिक्तियों के संदर्भ में की गई है। आदेश वल्लभ भवन, भोपाल से जारी किया गया है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार सपन कुमार सोनटके को जबलपुर परिक्षेत्र, आर.के. शर्मा और मनोज कुमार चौबे को वाणिज्यिक कर आयुक्त कार्यालय, मुख्यालय इंदौर और प्रदीप कुमार दुबे को भोपाल परिक्षेत्र में अपर आयुक्त के पद पर पदस्थ किया गया है। सभी अधिकारी अब तक उपायुक्त के रूप में कार्यरत थे और कई स्थानों पर कार्यवाहक प्रभारी अपर आयुक्त की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।

दो साल की परिवीक्षा पर होगी पदोन्नति
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह पदोन्नति मध्य प्रदेश सिविल सेवा (सेवा की सामान्य शर्तें) नियम, 1961 के तहत दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि के लिए होगी। साथ ही पदोन्नति मध्य प्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम 2025 के प्रावधानों के अनुरूप की गई है।
सुप्रीम कोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा आदेश
सरकार ने आदेश में यह भी उल्लेख किया है कि सभी पदोन्नतियां सर्वोच्च न्यायालय में लंबित विशेष अनुमति याचिकाओं और भविष्य में न्यायालय द्वारा पारित होने वाले आदेशों के अधीन रहेंगी। इसके अलावा पदोन्नत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पूर्व पद से कार्यमुक्त कर नए पद का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। वेतन निर्धारण से संबंधित आवश्यक विकल्प भी नियमानुसार निर्धारित अवधि में प्रस्तुत करने होंगे।
Varsha Shrivastava 
