‘रामायण’ के हर किरदार का खुलासा, स्टार्स के रोल जानकर चौंक जाएंगे आप
Nitesh Tiwari की फिल्म रामायण 2026 की सबसे बड़ी फिल्म बन सकती है, जिसका टीजर रामनवमी पर रिलीज होने की चर्चा है. फिल्म में Ranbir Kapoor , Sai Pallavi और Yash समेत कई बड़े स्टार नजर आएंगे।
भारतीय सिनेमा एक बार फिर इतिहास रचने के लिए तैयार है और इस बार वजह है रामायण। एक ऐसी फिल्म जिसकी भव्यता की चर्चा हर तरफ हो रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म सिर्फ 2026 की नहीं, बल्कि अब तक की सबसे बड़ी भारतीय फिल्म साबित हो सकती है। दीपावली पर इसके पहले पार्ट की रिलीज की तैयारी है। एक और बड़ी खबर सामने आ रही है है कि मेकर्स रामनवमी के मौके पर इस फिल्म का ऑफिशियल टीजर लॉन्च कर सकते हैं, जिसका इंतजार दर्शक बेसब्री से कर रहे हैं।

स्टारकास्ट: कई चेहरों को लेकर सस्पेंस बरकरार
फिल्म की स्टारकास्ट जिसे लेकर लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। कुछ नामों पर मुहर लग चुकी है, जबकि कई बड़े चेहरों को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। ऐसे में हर किसी के मन में एक ही सवाल है कौन बनेगा राम, कौन रावण के रुप में दिखेगा और किसे मिलेंगे बाकी अहम किरदार?

रणबीर कपूर राम तो साई पल्लवी बनीं सीता
रणबीर कपूर भगवान राम की मुख्य भूमिका निभा रहें है। उन्हें अपने करियर में 'रामायण' के लेवल का प्रोजेक्ट शायद ही कभी दोबारा करने को मिले। इसलिए वो पूरे जी-जान से इस फिल्म को लेकर मेहनत कर रहें हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने राम के किरदार में ढलने के लिए शराब, सिगरेट और मांस से दूरी बना ली है।
वहीं, साई पल्लवी इस फिल्म में माता सीता के किरदार में नजर आने वाली हैं। वह साउथ इंडियन सिनेमा का एक जाना-माना नाम हैं, लेकिन हिंदी दर्शकों के बीच उनकी पहचान अभी उतनी मजबूत नहीं है। यही वजह रही है कि उनकी कास्टिंग को लेकर शुरुआत में थोड़ा संदेह भी देखने को मिला।

यश को रावण के लिए चुना, हनुमान बनेंगे सनी
यश को फिल्म में रावण के किरदार के लिए चुना गया है और उनकी कास्टिंग को लेकर शुरुआत से ही इंटरनेट पर जबरदस्त चर्चा देखने को मिल रही है। उनकी मजबूत पर्सनालिटी और आइकॉनिक दाढ़ी इस किरदार के लिए उन्हें एक दमदार और उपयुक्त विकल्प बनाती है। खास बात यह है कि रामायण में यश सिर्फ अभिनय ही नहीं कर रहे, बल्कि वह इस मेगा प्रोजेक्ट से को-प्रोड्यूसर के तौर पर भी जुड़े हुए हैं।
सनी देओल फिल्म रामायण में भगवान हनुमान के किरदार में नजर आने वाले हैं। पहले पार्ट में उनका रोल छोटा रहेगा, लेकिन दूसरे भाग में उनका किरदार काफी अहम और दमदार होगा। हाल ही में उन्होंने शूटिंग भी शुरू कर दी है।

लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे रवि दुबे
रवि दुबे फिल्म रामायण में लक्ष्मण की भूमिका निभाते नजर आएंगे और उनकी कास्टिंग को फैंस ने काफी पसंद किया है। इस प्रोजेक्ट को लेकर रवि शुरुआत से ही बेहद गोपनीयता बनाए हुए हैं। यहां तक कि उनकी पत्नी एक्ट्रेस सरगुन मेहता ने भी बताया कि रवि ने उन्हें फिल्म से जुड़ी कोई खास जानकारी नहीं दी है।
विजय सेतुपति को लेकर काफी समय से चर्चा है कि वो फिल्म रामायण में विभीषण का किरदार निभा सकते हैं। विभीषण, रावण के छोटे भाई थे, लेकिन उन्होंने सच और न्याय का साथ देते हुए राम का साथ दिया था।हालांकि एक इंटरव्यू में विजय ने इस बात से इनकार किया था। माना जा रहा है कि फिल्म की कहानी और किरदार को लेकर सस्पेंस बनाए रखने के लिए ऐसा किया गया हो।

रकुल प्रीत सिंह और लारा दत्ता के नाम की भी चर्चा
इंदिरा कृष्णन फिल्म रामायण में कौशल्या का रोल निभा सकती हैं, जो राजा दशरथ की पहली पत्नी और राम की मां हैं। उन्होंने बताया कि उनके किरदार को अच्छा दिखाने के लिए खास VFX तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इसके लिए ‘इंटरस्टेलर ’ जैसी फिल्म में इस्तेमाल हुए 86 कैमरों वाले सेटअप की मदद ली गई, जिससे उनका लुक और भी रियल लगे।
रकुल प्रीत सिंह का नाम भी चर्चा में है कि वो फिल्म रामायण में शूर्पणखा का किरदार निभा सकती हैं, जो रावण की बहन थी। इसी तरह लारा दत्ता फिल्म रामायण में कैकेयी का किरदार निभा सकती है, जो राजा दशरथ की तीसरी पत्नी और भरत की मां हैं। कहानी में राम के वनवास के पीछे उनका अहम योगदान दिखाया जाएगा।

राघव जुयाल मेघनाद, काजल अग्रवाल मंदोदरी के किरदार में
राघव जुयाल फिल्म रामायण में मेघनाद का किरदार निभा रहे हैं, जो रावण का बेटा था। पहले खबरें थीं कि इस रोल के लिए विक्रांत मैसी को चुना गया है, लेकिन विक्रांत ने साफ कहा कि उन्हें यह रोल कभी ऑफर ही नहीं किया गया था।
सुहैल नैय्यर फिल्म रामायण में सुग्रीव का किरदार निभा रहे हैं, जो बालि के छोटे भाई और वानर राज थे। सुग्रीव और बालि जुड़वा भाई माने जाते हैं, इसलिए ऐसी चर्चा है कि सुहैल फिल्म में डबल रोल में भी दिख सकते हैं। इससे पहले वह सारे जहां से अच्छा और मर्डर मुबारक जैसे प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुके हैं।
काजल अग्रवाल जो मगधीरा और सिंघम जैसी हिट फिल्मों के लिए जानी जाती हैं, रामायण में रावण की पत्नी मंदोदरी के किरदार में नजर आएंगी।

अरुण गोविल राजा दशरथ के रोल में दिखाई देंगे
अरुण गोविल जिन्होंने रामायण में भगवान राम का किरदार निभाकर पहचान बनाई थी, अब नितेश तिवारी की रामायण में राजा दशरथ के रोल में दिखाई देंगे, जो राम के पिता हैं।
कुणाल कपूर जिन्हें रंग दे बसंती और गोल्ड जैसी फिल्मों में देखा गया है, इस फिल्म में देवता इंद्र का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने खुद भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा होने की पुष्टि की है।
विवेक ओबेरॉय ने जेक्ट का हिस्सा होने की पुष्टि की

विवेक ओबेरॉय फिल्म रामायण में विद्युतजिह्वा का रोल निभा रहे हैं, जो शूर्पणखा के पति थे। यह किरदार अब तक ज्यादा चर्चा में नहीं रहा, लेकिन इस बार इसे खास तौर पर दिखाया जाएगा। विवेक खुद भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा होने की पुष्टि कर चुके हैं।
आदिनाथ कोठारे को फिल्म में भरत के रोल के लिए चुना गया है। उनका किरदार काफी इमोशनल और गहराई वाला होगा। इससे पहले वो ‘83’ में दिलीप वेंगसरकर के रोल में नजर आ चुके हैं।
शीबा चड्ढा फिल्म में मंथरा का किरदार निभा रही हैं। मंथरा वही दासी थी, जिसने कैकेयी को भड़काकर राम को वनवास भेजने में अहम भूमिका निभाई थी।
बाकी कास्ट को लेकर चर्चा अमिताभ बच्चन जटायु के रोल में, मोहित रैना भगवान शिव के किरदार में, अनिल कपूर राजा जनक के रोल में और फैसल मालिक कुंभकर्ण के रोल में नजर आ सकते हैं।

