सिंगरौली: सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर दो परिवारों में चले जमकर लात-घूंसे, वीडियो वायरल
जियावन थाना क्षेत्र के खैरा बड़ा गांव में सरकारी जमीन विवाद को लेकर दो परिवारों में सड़क पर जमकर मारपीट, विवाद ने लिया हिंसक रू
सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र के खैरा बड़ा गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर दो परिवारों के बीच जमकर लात-घूंसे चल गए। इस घटना में महिलाओं सहित दोनों पक्षों के कई लोग बीच सड़क पर एक-दूसरे से भिड़ते नजर आए। घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, खैराबाद गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही थी। इसी बात को लेकर विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए और सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। पीड़िता सुनीता विश्वकर्मा की शिकायत पर जियावन थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की बेटी सीमा विश्वकर्मा ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश और जमीन विवाद के चलते क्रांति विश्वकर्मा और उसके साथियों ने मिलकर उनकी सास पर हमला किया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में घायल महिला की हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
जियावन थाना प्रभारी शेषनारायण द्विवेदी ने बताया कि सुनीता देवी की ओर से इस संबंध में एक लिखित आवेदन मिला है। घायल महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस फिलहाल डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा। इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसे पुलिस ने अपनी जांच का हिस्सा बना लिया है और वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
