सिंगरौली में सड़क किनारे मिला 25 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका से ग्रामीणों में आक्रोश

Singrauli Breaking: झुरही-सरई मुख्य मार्ग पर गन्नई पंचायत भवन के पास करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला. FSL और पुलिस टीम जांच में जुटी है.

सिंगरौली में सड़क किनारे मिला 25 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका से ग्रामीणों में आक्रोश

सिंगरौली। जिले में झुरही-सरई मुख्य मार्ग पर गन्नई ग्राम पंचायत भवन के पास करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव सड़क किनारे मिलने की सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर जुट गए.

घटना की जानकारी मिलते ही बरका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची. इसके साथ ही FSL की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है.

सड़क किनारे पड़ा मिला युवक का शव

जानकारी के मुताबिक, गन्नई ग्राम पंचायत भवन के पास सड़क किनारे एक युवक का शव दिखाई दिया. इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है. पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है. घटना की जानकारी फैलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई.

ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका

मौके पर मौजूद ग्रामीण युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं. हालांकि, हत्या की पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

पुलिस और FSL टीम घटनास्थल की जांच कर रही है और शव से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है.

पूर्व मंत्री भी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व मंत्री बंश मणि प्रसाद वर्मा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने भी युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई और मामले की जांच की मांग की.

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को जांच के दायरे में लेते हुए FSL टीम की मदद से साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है. युवक की पहचान और मौत की वास्तविक वजह सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी.