ट्रेन की चपेट में आने से तेंदुए की मौत, सतना तिघरा फाटक के पास पटरी पर मिला शव

सतना वन मंडल में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से वन्य जीवों की मौत की यह तीसरी घटना है।

ट्रेन की चपेट में आने से तेंदुए की मौत, सतना तिघरा फाटक के पास पटरी पर मिला शव

सतना। जिले के उचेहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत सतना-उचेहरा रेल खंड के तिघरा फाटक के पास एक तेंदुए की मौत हो गई। यह घटना रविवार सुबह करीब 9.30 बजे हुई, जब स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर तेंदुए का शव देखा और वन विभाग को सूचना दी। रेंजर सचिन नामदेव के नेतृत्व में वन अमले की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सतना वन मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

प्राथमिक जांच में ट्रेन की चपेट में आने की बात सामने आई

घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और मुकुंदपुर टाइगर सफारी की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तेंदुआ रेलवे ट्रैक पार करते समय किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वन विभाग अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रहा है। मृत तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो पाएगी।

रेलवे ट्रैक पर यह तीसरी घटना

सतना वन मंडल में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ कर वन्य जीवों की मौत की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 2016 में मझगवां रेंज में एक बाघ और फिर 2025 में एक शावक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। तेंदुए की भी मौत पटरी क्रॉस करने के दौरान हुई है। इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक बार फिर चिंताएं बढ़ा दी हैं।