रीवा: पार्टी के दौरान गोली लगने से आरक्षक की मौत, संजय गांधी अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

रीवा में गोली लगने से पुलिसकर्मी की मौत, साथी पुलिस कर्मी के घर पार्टी में गया था आरक्षक, मैहर जिले के रामनगर में था पदस्थ

रीवा: पार्टी के दौरान गोली लगने से आरक्षक की मौत, संजय गांधी अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

रीवा में गोली लगने से एक पुलिस आरक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश पटेल के रूप में हुई है, जो मैहर जिले के रामनगर थाना में पदस्थ थे। जानकारी के अनुसार, आरक्षक राकेश पटेल रविवार को अपने घर रीवा के समान थाना क्षेत्र आए हुए थे। इसी दौरान वे अपने साथी पुलिसकर्मी राकेश मिश्रा के घर एक पार्टी में शामिल होने गए थे। पार्टी के दौरान ही अचानक उन्हें कनपटी में गोली लग गई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल आरक्षक को तत्काल संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पुलिस अधीक्षक अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली कैसे चली और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई। पुलिस इस मामले की जांच कई पहलुओं से कर रही है, जिसमें दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण की संभावना भी शामिल है।

रीवा पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे पुलिस विभाग और क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। परिजन और साथी पुलिसकर्मी सदमे में हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।