मऊगंज में अवैध गिट्टी परिवहन पर शिकंजा, हनुमना थाना क्षेत्र से 4 वाहन जब्
कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान जारी। खनिज विभाग की टीम ने गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 4 वाहनों को जब्त किया।
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सघन अभियान जारी है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने हनुमना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 4 वाहनों को जब्त किया।
जांच के दौरान दो ट्रेलर और दो डंपर बिना वैध दस्तावेज के गिट्टी लेकर जाते पाए गए। टीम ने मौके पर ही सभी वाहनों को पकड़कर नियमानुसार पुलिस थाना हनुमना और पुलिस चौकी पिपराही की अभिरक्षा में खड़ा कराया।
खनिज अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए वाहनों के मालिकों और चालकों के खिलाफ मध्य प्रदेश गौण खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहनों से जुर्माना वसूली की प्रक्रिया भी शुरू होगी।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि जिले में राजस्व हानि रोकने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले भर में लगातार चेकिंग की जाए और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध खनन की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
Varsha Shrivastava 
