MP के 47 जिलों में डिजिटल हाजिरी में गड़बड़ी, आगर मालवा भी शामिल

आगर मालवा के सुसनेर सिविल अस्पताल में बांड डॉक्टरों की ऑनलाइन हाजिरी में फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं।

MP के 47 जिलों में डिजिटल हाजिरी में गड़बड़ी, आगर मालवा भी शामिल

आगर मालवा: स्वास्थ्य विभाग में ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था को लेकर प्रदेश स्तर पर एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। प्रदेश के 47 जिलों में डॉक्टरों की डिजिटल उपस्थिति में भारी गड़बड़ियों की पुष्टि हुई है। इस जांच के दायरे में आगर मालवा जिला भी आ गया है, जहां सुसनेर सिविल अस्पताल में पदस्थ तीन बांड डॉक्टरों की सार्थक पोर्टल पर दर्ज हाजिरी संदिग्ध पाई गई है।

फोटो और वीडियो के जरिए फर्जी तरीके से लगाई हाजिरी 

भोपाल से जारी स्वास्थ्य विभाग के पत्र के अनुसार, सुसनेर सिविल अस्पताल और पीएचसी सोयतकलां में पदस्थ बांड डॉक्टरों की ऑनलाइन हाजिरी शासन द्वारा तय नियमों के विपरीत दर्ज की जा रही थी। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं, जिनमें धुंधली तस्वीरें, पुराने वीडियो का इस्तेमाल, और फेस ऑथेंटिकेशन के बिना उपस्थिति दर्ज करना शामिल है।

CMHO ने दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. राजीव बरसाना ने सुसनेर के बीएमओ को पूरे प्रकरण की गहन जांच कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि यदि जांच में लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है, तो संबंधित डॉक्टरों के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक जांच में हाजिरी में गड़बड़ी की पुष्टि हो चुकी है, जिससे विभाग की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

डिजिटल हाजरी पर सवाल

यह पूरा मामला स्वास्थ्य विभाग में लागू किए गए डिजिटल सिस्टम के दुरुपयोग और निगरानी की कमी की ओर इशारा करता है। ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था का उद्देश्य पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना था, लेकिन इस तरह की गड़बड़ियां सामने आने से इसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाती है और क्या भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाते हैं।