भोपाल में खेलो एमपी यूथ गेम्स का आगाज, बारिश में गूंजे कैलाश खेर के सुर
राजधानी के तात्या टोपे स्टेडियम में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ किया।
भोपाल: राजधानी के तात्या टोपे स्टेडियम में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर खेलो एमपी यूथ गेम्स का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन और ईमानदारी की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने वर्चुअल माध्यम से की।
स्टेडियम को विशेष रोशनी और भव्य सजावट से सजाया गया था। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। खेल और संस्कृति के संगम को दर्शाते हुए मुख्यमंत्री ने कैलाश खेर का अभिनंदन किया और दर्शकों से मोबाइल टॉर्च जलवाकर अनोखे अंदाज में आयोजन का आगाज कराया। इसके बाद आतिशबाजी ने आसमान को रंगीन कर दिया।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि “खेलेगा तो खिलेगा” केवल नारा नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की खेल नीति की दिशा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान से करीब एक लाख खिलाड़ी जुड़े हैं और मध्यप्रदेश लगातार दो वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में तीसरे स्थान पर बना हुआ है।
शुभारंभ समारोह को खास बनाने के लिए कैलाश खेर और कैलासा बैंड की लाइव प्रस्तुति के साथ-साथ इंडियाज़ गॉट टैलेंट फेम डांस ग्रुप की एयरोबेटिक परफॉर्मेंस, भव्य मार्च-पास्ट और खेल भावना पर आधारित नृत्य-नाटिका भी प्रस्तुत की गई, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया।
हालांकि कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6:30 बजे निर्धारित थी, लेकिन तकनीकी और आयोजन संबंधी कारणों से यह करीब दो घंटे की देरी से शुरू हुआ। करीब पौने 9 बजे कैलाश खेर के मंच पर आते ही हल्की बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते कुछ देर के लिए लाइव कॉन्सर्ट रोकना पड़ा। पसंदीदा गायक कैलाश खेर की एक झलक पाने के लिए टीटी नगर स्टेडियम में खेल प्रेमियों और शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में करीब दो घंटे की देरी और बारिश के ब्रेक के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ।
इस संस्करण में ग्रामीण, शहरी और आदिवासी अंचलों से एक लाख से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। ब्लॉक, जिला और संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद चयनित खिलाड़ी अब 28 खेलों में राज्य स्तरीय मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को खेल विभाग और मान्यता प्राप्त खेल संघों के समन्वय से एक मजबूत मंच के रूप में तैयार किया गया है।
pushpendra 
