संजू के शतक ने बढ़ाई टीम इंडिया के मैनेजमेंट की टेंशन

संजू सैमसन (Sanju Samson) एशिया कप (Asia Cup) के लिए चुने गए हैं. लेकिन, सैमसन प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे या नहीं

संजू के शतक ने बढ़ाई टीम इंडिया के मैनेजमेंट की टेंशन
पब्लिक वाणी

T20 Asia Cup 2025: संजू सैमसन (Sanju Samson) एशिया कप (Asia Cup) के लिए चुने गए हैं. लेकिन, सैमसन प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे या नहीं, ये तय नहीं है. क्रिकेट एक्सपर्ट का कहना है कि गिल के टीम में होने से संजू का खेलना थोड़ा मुश्किल लगता है. वहीं सैमसन एशिया कप से ठीक पहले, बल्ले से आग बरसा रहे हैं. केरल क्रिकेट लीग में उन्होंने महज 42 गेंदों में शतक लगाकर टीम इंडिया मैनेजमेंट की टेंशन बढ़ा दी है.

संजू की तूफानी शुरुआत

कोच्चि ब्लू टाइगर्स की ओर से खेल रहे संजू ने 24 अगस्त को एरीज कोलम सेलर्स के खिलाफ तूफानी शुरूआत की. ओपनिंग करने उतरे संजू ने पहले ही ओवर में दो चौके और एक छक्का जड़ दिया. एक ओवर के बाद ही लगने लगा कि संजू लय में हैं. संजू की तूफानी पारी के चलते टीम ने पावरप्ले में 100 रन बना लिए थे. संजू को अर्धशतक तक पहुंचने में केवल 16 गेंदें लगीं.

42 गेंदों में ठोक दिया शतक  

संजू सैमसन ने 42 गेंदों में शतक ठोक दिया.  उन्होंने 51 गेंदों पर 237.25 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. इस पारी में 14 चौके और सात छक्के शामिल थे. सैमसन की इस पारी के दम पर उनकी टीम कोच्चि ने 237 का स्कोर चेज करके मैच अपने नाम किया. सैमसन के अलावा मोहम्मद अशिक ने 45 और मोहम्मद शानू ने 39 रन की पारी खेली. इससे पहले कोलम सेलर्स ने बल्लेबाजी करते हुए 236 रन का स्कोर खड़ा किया था. टीम के लिए विष्णु विनोद ने 94 और सचिन बेबी ने 91 रन की पारी खेली.

संजू सैमसन ने की केरल सुपर लीग की तारीफ

टीम की जीत के बाद संजू सैमसन ने लीग और युवा खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा- सच कहूं तो, मुझे इन खिलाड़ियों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है. लेकिन जितना ज्यादा मैं उनके साथ समय बिता रहा हूं, मैं उतना ही उत्साहित हो रहा हूं. टीम में बहुत ही शानदार टैलेंट है. यह देखकर थोड़ी हैरानी होती है कि केरल क्रिकेट में इतनी प्रतिभा है. मेरा अनुरोध है कि हमें सभी खिलाड़ियों पर, कुछ विशेष नजर रखनी चाहिए. अगले एक-दो सालों में, हम एक और खिलाड़ी को देश के लिए खेलते हुए देखेंगे. मुझे ऐसा होता हुआ दिख रहा है. इस प्रतिभा के साथ, मुझे नहीं लगता कि हम उस स्थिति से बहुत दूर हैं, जहां केरल के कई खिलाड़ी टीम इंडिया में हों.

संजू ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन

संजू की धुआंधार पारी ने टीम इंडिया की टेंशन बढ़ा दी है. सैमसन बीते एक साल से टीम इंडिया के लिए ओपनिंग कर रहे हैं. अभिषेक शर्मा और उनकी जोड़ी कहर बरपा रही है. हालांकि शुभमन के आने के बाद संजू की जगह जाती हुई दिख रही है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो गिल को ओपनर के तौर पर उतारा जाएगा. ऐसे में सैमसन की जगह कहां बनती है ये देखना होगा. अब सैमसन ने अपनी इस तूफानी पारी से ये भी साबित कर दिया कि उन्हें टीम से बाहर रखना आसान नहीं होगा. एशिया कप 9 सितंबर से यूएई में खेला जाएगा. भारतीय टीम अपना पहला मैच 10 सितंबर को खेलेगी. वहीं दूसरा मैच पाकिस्तान के साथ खेला जाएगा.