भोपाल में अवैध गैस सिलेंडर कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, खाद्य विभाग ने जब्त किए भारी मात्रा में सिलेंडर

भोपाल में खाद्य विभाग ने घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और रीफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की।

भोपाल में अवैध गैस सिलेंडर कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, खाद्य विभाग ने जब्त किए भारी मात्रा में सिलेंडर

भोपाल। खाद्य विभाग ने घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और रीफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के नेतृत्व में की गई।

जानकारी के अनुसार, टीम ने जवाहर चौक और घोड़ानक्कास क्षेत्र में अवैध गैस सिलेंडर रीफिलिंग पॉइंट्स को निशाना बनाया। घोड़ानक्कास के लक्ष्मी टॉकीज़ गली स्थित एक कैटरिंग संचालक के यहां दबिश के दौरान 28 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें घरेलू, व्यावसायिक और छोटे 5 किलो वाले सिलेंडर शामिल थे। इसके अलावा दुकान से 30 अन्य सिलेंडर भी अवैध रूप से संग्रहित पाए गए।

वहीं, जवाहर चौक स्थित एक इलेक्ट्रिकल्स दुकान पर जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर से लोकल सिलेंडर में गैस ट्रांसफर करते हुए पाया गया। मौके से सिलेंडर और गैस ट्रांसफर में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए गए।

साथ ही पुलबोगदा क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर से अधिक कीमत पर गैस बेचने का मामला भी सामने आया, जिसे कालाबाजारी मानते हुए कार्रवाई की गई। सभी मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।