मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का रिपोर्ट कार्ड: हितग्राहियों को 22,800 करोड़ का अनाज बांटा, 14 लाख नई पात्रता पर्चियां बनाई
मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार के दो साल पूरा होने के बाद मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड पेश करने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में 24 दिसंबर बुधवार को खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने विभाग की उपलब्धियां गिनाईं।
भोपाल: मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार के दो साल पूरा होने के बाद मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड पेश करने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में 24 दिसंबर बुधवार को खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने विभाग की 2 साल की उपलब्धियां गिनाईं और आगामी कार्य योजनाओं की जानकारी भी दी।
विकास और विरासत को साथ लेकर चल रही सरकार
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दृढ़ शक्ति के साथ हमारी सरकार मध्य प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए विकास और विरासत दोनों को साथ-साथ लेकर चल रही है। उन्होंने कहा कि दो साल में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत हमारी सरकार ने 5 करोड़ 25 लाख से अधिक हितग्राहियों को 22 हजार 800 करोड़ का निशुल्क अनाज बांटा है। मुख्यमंत्री अन्न जागरूकता सेवा अभियान हमने शुरू किया। और राशन दुकानों की पारदर्शिता के लिए ऐप बनाया है।
ग्राम सभा में हितग्राहियों का वाचन होगा
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि इस एप के माध्यम से राशन दुकानों में जहां-जहां गड़बड़ियां आती थी, उन गड़बड़ियों को पूरी तरह समाप्त करने और पारदर्शिता लाने का हमारा प्रयास है। जब राशन गाड़ियां दुकानों पर पहुंचेगी तो हितग्राहियों को मैसेज मिल जाएगा, ताकि समय से लोगों को राशन मिल सके। अब हर साल 26 जनवरी और 2 अक्टूबर को हितग्राहियों का ग्राम सभा में वाचन किया जाएगा, ताकि वास्तविकता का पता लग सके कि कितने लोग राशन ले रहे हैं। कितने लोगों को राशन नहीं मिल रहा और कितने लोग पात्रता पर्ची से वंचित हैं।
हितग्राहियों के E-KYC का सत्यापन पूरा किया
प्रदेशभर में लगभग एक करोड़ 70 लाख से अधिक हितग्राही के E-KYC का सत्यापन पूर्ण किया है। लगभग 93 प्रतिशत हितग्राहियों का E-KYC किया जा चुका है। बायोमेट्रिक के साथ- साथ मेरा E-KYC एप की व्यवस्था भी सरकार ने की है। 5 साल के बच्चे, 80 साल के बुजुर्ग और दिव्यांग समेत 15 लाख हितग्राहियों के E-KYC में छूट दी गई है। कोई भी व्यक्ति राशन से वंचित नहीं रहे यही हमारी सरकार की उद्देश्य है। 14 लाख नई पात्रता पर्ची बनाई गई है।
वन नेशन वन राशन कार्ड से मिला नया आयाम
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने ये भी बताया कि, देश और प्रदेश में वन नेशन वन राशन कार्ड जैसा बहुत महत्वपूर्ण कार्य हुआ है। पहले मजदूर या आम व्यक्ति जो मध्यप्रदेश के बाहर जाते थे तो उनको राशन नहीं मिलता था और दूसरे राज्यों से मध्यप्रदेश आने वालों भी राशन नहीं मिलता था, लेकिन अब वन नेशन वन राशन कार्ड से बहुत बड़ी व्यवस्था लागू हुई और बहुत बड़ी उपलब्धि भी मिली। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि, बाहरी राज्यों से आए 39 हजार परिवारों को हर महीने मध्यप्रदेश में निशुल्क राशन मिल रहा है और बाहर के राज्यों में करीब पांच हजार परिवार हैं जो राशन प्राप्त कर रहे हैं और ये वन नेशन वन राशन कार्ड से ही संभव हो पाया है।
वेयरहाउस की मॉनिटरिंग के लिए 3 ऐप लॉन्च
वेयरहाउसिंग कार्य प्रोसेसिंग में संचालित गतिविधियों की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए भी व्यवस्था की है। इसके लिए तीन ऐप लॉन्च किए हैं पहला नमी मापक एप इस ऐप से FCI के मापदंड के अनुसार अनाज में कमी-अधिकता नापने का काम करेंगे। दूसरा फ्यूमिगेशन ऐप से भण्डारण अनाज में समय-समय पर दवाओं के छिड़काव की जानकारी रखी जाएगी और इंस्पेक्शन ऐप से अनाज के भंडारण के सत्यापन और निगरानी भी समय-समय से रखी जाएगी।
pushpendra 
