इंदौर नगर निगम आयुक्त के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर 50 हजार की ठगी की कोशिश, पुलिस ने शुरू की जांच
इंदौर नगर निगम आयुक्त के नाम पर साइबर ठगी का मामला, रिश्तेदारों से 50 हजार रुपये की मांग, संयोगितागंज थाने में जांच शुरू
इंदौर में साइबर ठगों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब ठगों ने प्रशासनिक अधिकारियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला इंदौर नगर निगम के आयुक्त क्षितिज सिंगल से जुड़ा है, जिनके नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर उनके रिश्तेदारों से 50 हजार रुपये की मांग की गई।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात साइबर ठगों ने आयुक्त के नाम और फोटो का उपयोग करते हुए एक फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट तैयार किया। इसके बाद उनके परिचितों और रिश्तेदारों को मैसेज भेजकर तत्काल आवश्यकता का हवाला देते हुए 50 हजार रुपये ट्रांसफर करने को कहा गया। संदेह होने पर संबंधित लोगों ने इसकी पुष्टि की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही आयुक्त क्षितिज सिंगल ने संयोगितागंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रारंभिक जांच में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित तकनीकी जानकारी जुटा रही है और फर्जी प्रोफाइल संचालित करने वाले व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी इंदौर के पूर्व कलेक्टर और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पी नरहरी के नाम से भी फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाए जाने का मामला सामने आ चुका है। उन्होंने स्वयं सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की थी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अधिकारी या परिचित के नाम से पैसे मांगने वाले संदेशों की पहले पुष्टि अवश्य करें और संदेह होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Varsha Shrivastava 
