17 फरवरी को शपथ लेंगे तारिक रहमान, भारत समेत 13 देशों को भेजा गया निमंत्रण
बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के तौर पर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेता तारिक रहमान 17 फरवरी को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह में के लिए भारत सहित 13 देशों को आमंत्रित किया है।
ढाका: बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के तौर पर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेता तारिक रहमान 17 फरवरी को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह में के लिए भारत सहित 13 देशों को आमंत्रित किया है। बांग्लादेश में 35 साल बाद कोई पुरुष प्रधानमंत्री बनेगा। 1988 में काजी जफर अहमद प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद 1991 से 2024 तक देश की राजनीति में पूर्व पीएम शेख हसीना और खालिदा जिया का दबदबा रहा। ये दोनों ही प्रधानमंत्री बनती रहीं।
इन देशों को मिला आमंत्रण
पार्टी के अनुसार, इस समारोह में प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक साझेदार देशों के प्रतिनिधियों को बुलाया गया है। जिन देशों को बुलाया गया है उनमें भारत, चीन, सऊदी अरब, पाकिस्तान, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं।
ढाका-नई दिल्ली के घनिष्ठ संबंधों और दोनों पड़ोसी देशों के साझा इतिहास को देखते हुए भारत का निमंत्रण विशेष महत्व रखता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है, लेकिन उसी दिन मुंबई में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ उनकी पूर्व द्विपक्षीय वार्ता की वजह से उनके उपस्थित होने की संभावना कम है। इसके बजाय, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर या उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करने की उम्मीद है।
बता दें कि भारत बांग्लादेश के साथ संबंधों को सुधारने पर जोर दे रहा है। पिछले महीने विदेश मंत्री एस जयशंकर जिया के अंतिम संस्कार के लिए ढाका गए थे और इस अवसर पर उन्होंने रहमान से मुलाकात की। हाल ही में एक रैली में बीएनपी नेता ने घोषणा की, “दिल्ली नहीं, पिंडी नहीं, बांग्लादेश सर्वोपरि।
BNP ने 209 सीटों पर जीत हासिल की
हाल ही में हुए चुनावों में तारिक रहमान की पार्टी बीएनपी ने कुल 300 सीटों में से 209 सीटों पर शानदार जीत हासिल की, जबकि उनकी सहयोगी जमात-ए-आजम को 68 सीटें मिलीं। इस बहुमत के साथ तारिक रहमान अब देश की बागडोर संभालेंगे। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाना और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करना होगा।
पिता जियाउर रहमान बांग्लादेश के राष्ट्रपति थे
60 साल के तारिक रहमान बांग्लादेश के प्रभावशाली ‘जिया परिवार’ से आते हैं। उनके पिता, जियाउर रहमान, बांग्लादेश के राष्ट्रपति थे और उन्होंने 1978 में बीएनपी की स्थापना की थी, जिनकी 1981 में हत्या कर दी गई थी। तारिक की माता, खालिदा जिया, बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं। खालिदा जिया की मृत्यु के कुछ ही हफ्तों बाद तारिक को पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया था। तारिक रहमान लंबे समय से देश से बाहर रह रहे थे और भ्रष्टाचार सहित कई आरोपों और विवादों का सामना करने के बाद आखिरकार देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचे।
pushpendra 
