मैहर: पुतला दहन के दौरान ट्रैफिक टीआई आग से झुलसे, आईसीयू में भर्ती

यह घटना उस समय हुई जब प्रदर्शनकारी पुतला दहन कर रहे थे और पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश कर रही थी। प्रदर्शन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ किया जा रहा था।

मैहर: पुतला दहन के दौरान ट्रैफिक टीआई आग से झुलसे, आईसीयू में भर्ती
Maihar Protest Traffic TI Burned

मैहर 20 फरवरी। शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे विरोध प्रदर्शन के दौरान ट्रैफिक टीआई आग से झुलस गए। यह घटना उस समय हुई, जब प्रदर्शनकारी पुतला दहन कर रहे थे और पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश कर रही थी। यह प्रदर्शन प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ किया जा रहा था।

दरअसल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के खिलाफ अपशब्द कहे थे। इसी को लेकर कांग्रेस विरोध जता रही थी। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेश घई के नेतृत्व में प्रदर्शन चल रहा था। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के लिए अनुमति भी ली थी। प्रदर्शन सुबह 9 बजे होना था मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

सुबह साढ़े 9 बजे पुतला दहन के दौरान टीआई विक्रम सिंह पाठक हालात संभालने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन, आग अचानक भड़क गई और आग की चपेट में आ गए। पुतला दहन के दौरान जब टीआई की वर्दी में आग लगी हुई थी, तब पुलिसकर्मी आग बुझा रहे थे। वहीं कांग्रेसी पार्टी के जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। जिसके बाद उन्हें तुरंत मैहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मैहर के सिविल अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक, टीआई विक्रम की कमर, पीठ, जांघ और हाथ बुरी तरह झुलसे हैं। उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। अगर हालत गंभीर रही तो टीआई को जिला अस्पताल या जबलपुर रेफर किया जा सकता है।

एसपी मैहर अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि आज पुतला दहन के प्रदर्शन में ड्यूटी के दौरान पुलिस अधिकारी विक्रम पाठक आग से झुलस जाने से घायल होकर अस्पताल में इलाजरत हैं। इस घटना से हम सभी आहत हैं। जिम्मेदारों को इतना समझना चाहिए कि सार्वजनिक प्रदर्शनों में आम चौराहों पर पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग नहीं होना चाहिए। अचानक भड़कने वाली आग आमजनों को नुक़सान पहुंचा सकती है। इस घटनाक्रम का हमने संज्ञान लिया है और समुचित कार्यवाही होगी।