नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग पर सियासी संग्राम

JDU के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग से अब पार्टी ने किनारा कर लिया है।

नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग पर सियासी संग्राम

पटना: JDU के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग से अब पार्टी ने किनारा कर लिया है। दरअसल, केसी त्यागी ने अपने एक बयान में कहा था कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत चौधरी चरण सिंह और दिवंगत कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया था. हम इसके लिए आभार व्यक्त करते हैं. नीतीश कुमार समाजवादी आंदोलन से जुड़े सबसे प्रतिभाशाली नेताओं में से एक हैं जो अभी जीवित हैं. वे एनडीए के संस्थापकों में से एक हैं. वे ‘सुशासन बाबू’ हैं. हमने आग्रह किया है कि उन्हें भी जीवित रहते हुए भारत रत्न से सम्मानित किया जाए.” इसके लिए पीएम मोदी को केसी त्यागी ने पत्र भी लिखा था.

इसी बीच अब केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने भी नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- 'हमें पूरा भरोसा है कि प्रधानमंत्री मोदी जी, जो अपने फैसलों से सबको चौंकाते हैं, एक बार फिर नीतीश कुमार को भारत रत्न देकर सबको हैरान कर देंगे.'

इधर, JDU ने अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी से किनारा कर लिया है. जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि उनका (केसी त्यागी का) पार्टी की गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है. उनके बयान व्यक्तिगत हैं और पार्टी का उनसे कोई लेना-देना नहीं है. केसी त्यागी कई बार पार्टी लाइन से हटकर बयानबाजी कर चुके हैं. हाल ही में उन्होंने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को लेकर भी टिप्पणी की थी, जिसको लेकर जेडीयू के नेता नाराज चल रहे थे. अब JDU ने खुद उनसे किनारा कर लिया है.