ग्वालियर-उज्जैन मेले में वाहन टैक्स पर 50% छूट, शिक्षकों को समयमान वेतन का लाभ, मोहन कैबिनेट में कई अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर
मध्य प्रदेश में आज 13 जनवरी मंगलवार को मंत्रिमंडल की अहम बैठक हुई, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में तीन अहम फैसले लिए गए।
भोपाल: मध्य प्रदेश में आज 13 जनवरी मंगलवार को मंत्रिमंडल की अहम बैठक हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में तीन महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। कैबिनेट बैठक में पहली बार ई-कैबिनेट एप्लीकेशन का उपयोग किया गया। मुख्यमंत्री और सभी मंत्री टैबलेट लेकर बैठक में शामिल हुए जिससे प्रस्तावों को डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत और स्वीकृत किया जा सका। कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने दी।
डिप्टी सीएम ने बताया कि, बैठक में सिंचाई परियोजनाओं के साथ सवा लाख शिक्षकों को चतुर्थ समयमान वेतन देने जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। सवा लाख शिक्षकों को चतुर्थ समयमान वेतनमान देने की स्वीकृति दी है, जिस पर 322 करोड़ से ज्यादा का अतिरिक्त व्यय भार राज्य सरकार पर आएगा।
20 हजार किसानों को मिलेगा लाभ
इसके अलावा आज राजगढ़ जिले की एक और रायसेन जिले की दो सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिससे 20 हजार किसानों को खेती किसानी में लाभ मिलेगा। कैबिनेट ने प्रदेश की आबकारी नीति के निर्धारण के लिए मंत्री परिषद के गठन को मंजूरी दी है।
सांदीपनि स्कूलों के भवन निर्माण के लिए राशि मंजूर
बैठक में प्रदेश के 200 सांदीपनि स्कूलों के भवन निर्माण के लिए 3660 करोड़ रुपए से ज्यादा की मंजूरी दी गई है। और एक विद्यालय पर लगभग 17 से 18 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। साथ ही आगामी सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में 1133 करोड़ की जल आवर्धन योजना को मंजूरी दी है।
ग्वालियर-उज्जैन मेले में वाहन टैक्स पर 50% छूट
आज कैबिनेट ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय के तहत ग्वालियर व्यापार मेला और उज्जैन व्यापार मेले से वाहन खरीदने पर Motor Vehicle Tax में 50 फीसदी छूट देने को स्वीकृति दी है। इसके अलावा सोलर स्टोरेज परियोजना और मप्र स्पेस टेक नीति 2026 को स्वीकृति दी है। सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 800 मेगावाट बिजली से जुड़े तीन एजेंडों को पास कर दिया है। जिसमें 6 घंटे की 300 मेगावाट विद्युत प्रदाय स्टोरेज परियोजना, 4 घंटे की 300 मेगावाट विद्युत प्रदाय स्टोरेज परियोजना के अलावा 24 घंटे की 200 मेगावाट सोलर सह स्टोरेज परियोजना को शामिल किया गया है। इनकी स्थापना की जाएगी। यह परियोजनाएं एमपी में सोलर एनर्जी को बढ़ाने में उपयोगी साबित होगी।
pushpendra 
