मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दावोस में वैश्विक निवेश संवाद करेंगे, विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में मध्यप्रदेश के निवेश अवसर होंगे प्रस्तुत

विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) की वार्षिक बैठक 18 से 23 जनवरी 2026 तक स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दावोस में वैश्विक निवेश संवाद करेंगे, विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में मध्यप्रदेश के निवेश अवसर होंगे प्रस्तुत
image source : Google

विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) की वार्षिक बैठक 18 से 23 जनवरी 2026 तक स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित की जाएगी। इस प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहभागिता करते हुए मध्यप्रदेश को एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करेंगे।

विश्व आर्थिक मंच 2026 का विषय “ए स्पिरिट ऑफ डायलॉग” और “अनलॉकिंग न्यू सोर्सेस ऑफ ग्रोथ” रखा गया है। इस दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था, सतत विकास और भविष्य की विकास रणनीतियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवाद होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की दावोस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना, बहुराष्ट्रीय कंपनियों के शीर्ष नेतृत्व से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करना और राज्य के प्राथमिक क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित करना है। इस दौरान निवेश के आशय प्रस्तावों (LOI) पर चर्चा, वैश्विक नीति निर्माताओं के साथ संस्थागत संबंधों को मजबूत करने तथा मध्यप्रदेश की पहचान को “फ्यूचर रेडी स्टेट” के रूप में सुदृढ़ करने पर विशेष फोकस रहेगा।

विश्व आर्थिक मंच में मध्यप्रदेश ऑटोमोटिव एवं न्यू मोबिलिटी, अक्षय ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन, आईटी, ईएसडीएम एवं ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स तथा खाद्य प्रसंस्करण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अपनी नीतियों, क्षमताओं और औद्योगिक इको-सिस्टम को प्रस्तुत करेगा।
ऑटोमोटिव क्षेत्र में ईवी मैन्युफैक्चरिंग, बैटरी स्टोरेज और ऑटो कंपोनेंट्स के लिए उपलब्ध मजबूत आधारभूत संरचना को रेखांकित किया जाएगा। साथ ही पीथमपुर जैसे ऑटो क्लस्टर्स की औद्योगिक उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट और रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर प्रोजेक्ट के माध्यम से राज्य की नवकरणीय ऊर्जा क्षमता को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रीन हाइड्रोजन नीति के अंतर्गत उभरते निवेश अवसरों पर भी अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।

आईटी और ईएसडीएम सेक्टर में इंदौर और भोपाल को उभरते हुए आईटी हब और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। राज्य की आईटी, आईटीईएस एवं ईएसडीएम नीति 2023 के अंतर्गत उपलब्ध प्रोत्साहनों की जानकारी भी साझा की जाएगी।
खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में मध्यप्रदेश को “फूड बास्केट ऑफ इंडिया” के रूप में स्थापित करते हुए मेगा फूड पार्कों और कृषि आधारित मूल्य संवर्धन श्रृंखला में निवेश के अवसरों को प्रमुखता से रखा जाएगा।

दावोस प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव फॉर्च्यून 500 कंपनियों के सीईओ और वैश्विक उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकों में भाग लेंगे। इसके साथ ही ऑटोमोटिव एवं न्यू मोबिलिटी, ऊर्जा, आईटी, हेल्थकेयर और फूड प्रोसेसिंग से जुड़े सेक्टोरल राउंडटेबल सत्रों में राज्य के मौजूदा निवेशक अपने अनुभव साझा करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव विश्व आर्थिक मंच के विभिन्न सत्रों में भी सहभागिता करेंगे, जिनमें श्रम, ऊर्जा सुरक्षा, नवकरणीय ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं.