शहडोल ब्रेकिंग, रामपुर बटुरा मेगा प्रोजेक्ट में ग्रामीणों का आंदोलन, कोयला उत्पादन ठप
शहडोल में नौकरी और पुनर्वास की मांग को लेकर शहडोल जिले के रामपुर बटुरा ओपन कास्ट मेगा प्रोजेक्ट में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है.
शहडोल सूरज श्रीवास्ताव की रिपोर्ट नौकरी और पुनर्वास की मांग को लेकर शहडोल जिले के रामपुर बटुरा ओपन कास्ट मेगा प्रोजेक्ट में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है. SECL सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत संचालित इस खदान में ग्रामीण किसानों और ट्रांसपोर्टरों ने मिलकर काम पूरी तरह बंद करा दिया, जिससे कोयला उत्पादन और डिस्पैच दोनों ही प्रभावित हुए हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर क्षेत्र के ग्रामीण किसान लंबे समय से रोजगार और पुनर्वास से जुड़े वादों के पूरे न होने से नाराज थे. इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने खदान में कार्य रोक दिया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कोलरी प्रबंधन द्वारा लगातार लापरवाही बरती जा रही है और पूर्व में किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया.
ग्रामीणों के आंदोलन के कारण SECL को रोजाना लगभग एक करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. खदान के पास ग्रामीण किसान और ट्रांसपोर्टर टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हुए हैं और जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दे रहे हैं.
इस दौरान कोयला उत्पादन बंद कराने के प्रयास में विरोध कर रहे लोगों, पुलिस कर्मियों और SECL सुरक्षा अधिकारियों के बीच झूमाझपटी की स्थिति भी बनी. इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मामला अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत SECL सोहागपुर क्षेत्र के रामपुर बटुरा मेगा प्रोजेक्ट से जुड़ा है. फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन व कोलरी प्रबंधन की ओर से समाधान के प्रयास किए जाने की बात कही जा रही है.
shivendra 
