मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिव्यांग T-20 क्रिकेट का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के नेहरू नगर पुलिस लाइन में दिव्यांग T-20 क्रिकेट टूर्नामेंट "नॉट आउट@100" का उद्घाटन किया, जो लगातार 100 घंटे तक चलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिव्यांग T-20 क्रिकेट का किया शुभारंभ
google

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल के नेहरू नगर पुलिस लाइन में राष्ट्रीय दिव्यांगजन खेल महोत्सव के तहत आयोजित दिव्यांग T-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इसी दौरान उन्होंने पुलिस लाइन स्टेडियम में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ सामूहिक रूप से PM मोदी के कार्यक्रम "मन की बात" को भी सुना।

CM ने कार्यकर्ताओं के साथ सुनी ‘मन की बात’

आज "मन की बात" कार्यक्रम का 131वां एपिसोड था। PM मोदी ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने 'AI इम्पैक्ट समिट' का जिक्र करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के भविष्य को लेकर चर्चा की। डिजिटल अरेस्ट और साइबर फ्रॉड को लेकर देशवासियों को सावधान किया। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और अपने बैंक खातों की सुरक्षा के लिए 'KYC' अपडेट करने जैसी प्रक्रियाओं से न घबराने की अपील की।

अंगदान (Organ Donation) भी एक अहम मुद्दा रहा। उन्होंने केरल की 10 महीने की नन्ही आलिन शेरिन अब्राहम की कहानी सुनाई, जिसके माता-पिता ने उसकी मृत्यु के बाद उसका अंगदान किया। साथ ही T20 विश्व कप में खिलाड़ियों के योगदान की सराहना की और ओडिशा के किसान हिरोद पटेल का भी जिक्र किया। इस कार्यक्रम को सुनने के बाद उन्होंने दिव्यांग T-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।

सैंकड़ों खिलाड़ी लेंगे हिस्सा 

इस प्रतियोगिता में देश के आठ राज्यों से कुल 6 दिव्यांग टीमें भाग ले रहीं है। साथ ही इसमें 350 से ज्यादा खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट के दौरान कुल 25 मैच खेले जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि इस टूर्नामेंट को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन भेजा गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि इस तरह की पहल न केवल दिव्यांग खिलाड़ियों के उत्साह और प्रतिभा को बढ़ावा देती है, बल्कि समाज में समान अवसर और समावेशिता की भावना को भी मजबूत करती है। प्रतियोगिता 22 फरवरी से 28 फरवरी तक चलेगी और इसके दौरान क्रिकेट प्रेमियों को 100 घंटे तक खेल का रोमांच देखने को मिलेगा।