कोई बंद नहीं कर सकता लाड़ली बहना योजना, अब बहनें राजनीतिक ताकत बन गईं: शिवराज सिंह चौहान
मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी लाडली बहना योजना को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि लाडली बहनाएं अब केवल लाभार्थी नहीं रहीं, बल्कि एक मजबूत राजनीतिक ताकत बन चुकी हैं।
सीहोर: मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी लाडली बहना योजना को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि लाडली बहनाएं अब केवल लाभार्थी नहीं रहीं, बल्कि एक मजबूत राजनीतिक ताकत बन चुकी हैं।
सीहोर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना ने ऐसा चमत्कार किया है कि आज देशभर में सरकारें इस योजना को नाम बदल-बदलकर अपना रही हैं। यह योजना महिलाओं की जिंदगी बदलने वाली साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि “बहनें बहुत सच्ची होती हैं। भइया ने दिया है तो भइया को देंगी। चाहे कुछ भी हो जाए, ये नैया पार लगा देती हैं। अब किसी में हिम्मत नहीं है कि इस योजना को बंद कर दे।” शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि यह योजना पूरे देश में सिर्फ चल नहीं रही, बल्कि दौड़ रही है और सरकारें बना रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी ने इस योजना से छेड़छाड़ करने की कोशिश की तो बहनें खुद उसका जवाब देंगी।
हर महीने मिलते हैं 1500 रुपये
फिलहाल मध्य प्रदेश सरकार लाडली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं के खातों में हर महीने 1500 रुपये की राशि ट्रांसफर कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कई बार सार्वजनिक मंचों से इस राशि को बढ़ाकर 3000 रुपये करने का संकेत दे चुके हैं।
राशि बढ़ाने की मांग तेज
मध्य प्रदेश विधानसभा के 70 वर्ष पूरे होने पर 17 दिसंबर को आयोजित विशेष सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने योजना की राशि 3000 रुपये करने की मांग उठाई थी। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जवाब देते हुए कहा था कि, “आप 3000 की बात कर रहे हैं, हम 5000 रुपये देंगे।”
लाडली बहना योजना को लेकर चल रही यह राजनीतिक बयानबाजी साफ तौर पर बताती है कि आने वाले समय में यह योजना प्रदेश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभा सकती है।
pushpendra 
