MP विधानसभा का बजट सत्र: राज्यपाल के अभिभाषण से हुई शुरुआत, विपक्ष ने भागीरथपुरा दूषित पानी कांड का मुद्दा उठाया
16 फरवरी से 6 मार्च तक चलने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में कुल 12 बैठकें होंगी, 18 फरवरी को राज्य सरकार पेश करेगी बजट
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत आज से हो चुकी है। 6 मार्च तक चलने वाले इस सत्र का शुभारंभ राज्यपाल के अभिभाषण से हुआ। राज्यपाल मंगू भाई पटेल के विधानसभा पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उनका स्वागत किया। इस सत्र में कुल 12 बैठकें होंगी और सरकार 18 फरवरी को विधानसभा में अपना पहला पेपरलेस बजट पेश करेगी।

राज्यपाल के अभिभाषण से बजट सत्र की शुरुआत
मध्य प्रदेश विधानसभा की कार्रवाई की शुरुआत में वंदे मातरम् गायन हुआ।

फिर राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने अपने अभिभाषण में प्रदेश सरकार की विकास गाथा और जन कल्याणकारी योजनाओं के कारण आए बदलावों के बारे में बताया। राज्यपाल ने संकल्प पत्र 2023 में किए गए वादों पर सरकार ने कितना काम किया और आगामी लक्ष्यों के बारे में भी बताया।

राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का मुद्दा उठया।
उमंग सिंघार-जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा
विधानसभा के बजट सत्र में शामिल होने पहुंच नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा। उमंग सिंघार ने कहा- ये बजट आम जनता की आवाज बने। बजट में घोषणाओं के बजाए हकीकत पर सरकार बात करें। बजट के अंदर की घोषणाओं की हकीकत के अंतर को हम साफ करेंगे। पुराने बजट के अंतर पर भी बात होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कर्ज पर श्वेत पत्र लाने की बात भी कही।

इधर, कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि 3 अपराधी मंत्रियों को बजट सत्र में बैठने का अधिकार नहीं है, इसके लिए मैंने सीएम से आग्रह किया था। विजय शाह जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अपराधी है इनको पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। जो दूसरे हैं, इंदौर में 35 मौत हो गई है तो फिर मंत्री पद पर कैसे हैं। इसके अलावा 26 मौतों के दोषी तीसरे हैं।
किसानों के मुद्दे पर आमने-सामने दोनों दल के विधायक
कांग्रेस विधायक सुजीत सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 1.60 लाख किसानों को बाहर किए जाने पर कहा कि सरकार धीरे-धीरे लाभार्थियों की संख्या घटा रही है। जिस पर कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसी भी किसान को बाहर नहीं किया गया है।
6 मार्च तक चलने वाले बजट सत्र में होंगी कुल 12 बैठकें
6 मार्च तक चलने वाले इस सत्र में कुल 12 बैठकें निर्धारित। पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण और कृतज्ञता प्रस्ताव होगा। 18 फरवरी को राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। सत्र के लिए कुल 3478 प्रश्नों की विधानसभा को सूचनाएं, 236 ध्यानाकर्षण, 10 स्थगन प्रस्ताव, 41 अशासकीय संकल्प पेश होंगे। शून्य काल में विधानसभा में 83 सवाल होंगे।

बजट सत्र को लेकर एमपी कांग्रेस विधायक दल की बैठक
बजट सत्र को लेकर एमपी कांग्रेस विधायक दल ने बैठक की। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने ये बैठक बुलाई, जिसमें बजट सत्र के दौरान मोहन सरकार को घेरने की रणनीति और रूपरेखा तय की गई। बैठक नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के भोपाल स्थित आवास पर हुई। इस बैठक में कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश से जुड़े जनहित के बड़े मुद्दों पर मंथन किया।
Varsha Shrivastava 
